वाराणसी में कोरोना ने दस्तक दे दी है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (IMS) में कोरोना के नए वैरिएंट NB 1.8.1 का पहला मामला दर्ज किया गया है।
इस वैरिएंट से संक्रमित दो लोग—IMS के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एक रेजिडेंट डॉक्टर और एक तकनीकी कर्मचारी—की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों फिलहाल आइसोलेशन में हैं और चिकित्सकीय निगरानी में रखे गए हैं। इसके साथ ही जिले में एक बार फिर कोविड को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
BHU प्रशासन ने अपने अस्पताल परिसर में आने वाले सभी मरीजों और स्टाफ को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। BHU के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की निगरानी में ही इन संक्रमितों की पहचान हुई है। विभागाध्यक्ष डॉ. गोपालनाथ ने जानकारी दी कि इन दोनों मामलों के अलावा तीन और संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये तीनों हाल ही में इलाज के लिए BHU अस्पताल आए थे। संक्रमण की पुष्टि होते ही इन्हें भी आइसोलेशन में भेज दिया गया है और संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है।

वाराणसी में केवल BHU में हो रही जांच
चिंता की बात यह है कि वाराणसी जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल पर फिलहाल केवल BHU ही कोरोना की जांच कर रहा है। हर दिन लाखों की संख्या में देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंचते हैं। खासकर दक्षिण भारत, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सैलानी आते हैं। ऐसे में सीमित जांच व्यवस्था से संक्रमण के विस्तार की संभावना को पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता।
डॉक्टर्स ने दी अलर्ट रहने की सलाह
BHU सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के ग्राउंड फ्लोर पर कोविड जांच की सुविधा उपलब्ध है। डॉ. गोपालनाथ ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसी शिकायत हो रही है, तो उसे तत्काल जांच काउंटर पर जाकर सैंपल देना चाहिए। विशेषकर दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात से लौटे यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।
भीड़ में न बरतें लापरवाही
पर्यटन को देखते हुए वाराणसी में भारी भीड़ जुट रही है। गंगा घाटों, मंदिरों और बाजारों में लोग बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के घूमते नजर आ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जांच और ट्रैकिंग की व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो नया वैरिएंट बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है। हालांकि डॉक्टर्स का कहना है कि इससे बहुत अधिक घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसके लक्षण सामान्य हैं। शुरुआती दौर में दवाओं और सतर्कता से इससे बचा जा सकता है।
Comments (0)