लखनऊ। यूपी में चल रही प्रचंड गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है। एक ओर जहां गर्मी से आम जनमानस व्याकुल है। वहीं बुंदेलखंड और मध्य यूपी में हीट स्ट्रोक से मौत हो गई। इनमें कानपुर में आठ, महोबा-प्रयागराज में पांच-पांच, हमीरपुर-इटावा में दो-दो और कानपुर देहात में एक मौत हुई।
बांदा में गर्मी के कारण मछलियों के मरने की सूचना भी है। राहत आयुक्त कार्यालय ने गर्मी से हुई इन मौतों की जानकारी होने से इंकार किया है। स्वास्थ्य विभाग के विजिलेंस अफसर डॉ. विकासेन्दु अग्रवाल का कहना है कि इस बारे में सभी सीएमओ से रिपोर्ट ली जा रही है। कानपुर के सीएमओ ने कुछ मौतों की जानकारी दी मगर वह किन कारणों से हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
झांसी में टूटा रिकॉर्ड
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार को झांसी, आगरा और वाराणसी में दिन के तापमान ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए। मंगलवार को वाराणसी का तापमान 47.6 व चंदौली में 48 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं झांसी में सन 1892 से मौसम विभाग को आब्जरवेटरी है और तब से अबतक के आंकड़ों के अनुसार झांसी में किसी भी माह 49 डिग्री पारा दर्ज नहीं हुआ।
रेड अलर्ट जारी
अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार के बाद पूरे प्रदेश में मौसम बदलना शुरू होगा और दिन के चढ़ते हुए तापमान में गिरावट भी शुरू होगी। इससे जनजीवन को थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने बुधवार 29 मई को प्रदेश में प्रचंड ग्रीष्म लहर का रेड अलर्ट जारी किया है। बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रचण्ड गर्मी के साथ लू चलने के आसार हैं।
दो दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
बनारस में गर्मी ने 140 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तापमान की दृष्टि से बनारस यूपी का चौथा शहर है, जहां तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल दो दिनों तक मौसम इसी प्रकार से बने रहने के आसार हैं। लखनऊ स्थित मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि 18 मई 1884 को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री दर्ज हुआ था। जबकि मंगलवार 47.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
Comments (0)