चंदौली। अलीनगर थाना अंतर्गत एक गांव में किशोरी से गांव के ही एक दुकानदार ने दुष्कर्म किया। खबर सामने आते ही हड़कंप मच गया। इस मामले में एसपी ने इंस्पेक्टर को फटकार लगाई थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ।
घटना रविवार (21 जुलाई, 2024) की है, जहां दुकानदार ने दुष्कर्म करने के बाद डरवश किशोरी को कमरे में 5 घंटे तक बंद रखा। होश में आने के बाद किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। जिसके बाद परिजनों के होश उड़ गये।
इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर भूपौली चौकी पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि चौकी प्रभारी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के बजाय लेन-देन कर समझौता कराने की जुगत में लगे रहे। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे यहां भी कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने एसपी से गुहार लगाई। एसपी ने मंगलवार को थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुए केस दर्ज करने का आदेश दिया। जिसके बाद पुलिस एक्शन में आई और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, विगत रविवार को उनकी 14 वर्षीय पुत्री सामान लेने गांव के ही प्रदीप पांडेय की दुकान पर गई। दुकान पर कोई नहीं था। दुकानदार ने कहा कि भीतर जाकर खुद सामान लेले। किशोरी जैसे ही अंदर गई दुकानदार प्रदीप ने उसे पीछे से ही दबोच लिया और दुष्कर्म किया।
इस दौरान जब किशोरी बेहोश हो गई, तो प्रदीप डर गया और उसे पांच घंटे तक कमरे में ही बंद किए रहा। उधर किशोरी के परिजन उसे ढूंढते रहे। होश में आने के बाद किशोरी घर पहुंची और आपबीती सुनाई। परिवार के लोग भूपौली चौकी पहुंचे, जहां पुलिस मामले की लीपापोती में जुट गई। दो दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार की सुबह अलीनगर थाना आए। यहां भी प्रभारी थानाध्यक्ष कार्रवाई में हीलाहवाली करते रहे।

नाराज परिजन सीधे एसपी आदित्य लांघे के यहां पहुंच गए। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश यादव को कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 65 (1), 351(2), 351 और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

Comments (0)