चंदौली। दीपावली का त्यौहार आते ही जहां अधिकांश लोग अपने शौक और जरूरतें पूरी करने में व्यस्त रहते हैं, वहीं समाज का एक ऐसा वर्ग भी है, जो दीयों की रोशनी और नए वस्त्रों का सपना अधूरा छोड़ देता है। गरीब और समाज के वंचित महिलाएं व बच्चियां नए वस्त्रों और आभूषणों की इच्छा में मां लक्ष्मी के आगमन की तैयारी तो करती हैं, लेकिन अभाव और जिम्मेदारियां उनकी खुशियों पर भारी पड़ जाती हैं। 


इसी पीड़ा को समझते हुए चंदौली की समाज सेविका सारिका दुबे ने इस दीपावली पर इन जरूरतमंदों की सहायता के लिए कदम बढ़ाया। सारिका ने चंदौली के धुस खास गांव और आसपास के पिछड़े क्षेत्रों में पहुंचकर उन महिलाओं और परिवारों को चिन्हित किया, जिनके पास इस पर्व को मनाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। विशेष रूप से एचआईवी पीड़ित महिलाओं को, जिन्हें अक्सर समाज में नजरअंदाज किया जाता है, दीपावली से पहले कपड़े और आवश्यक सामग्रियां भेंट की गईं ताकि उनके घरों में भी दीपावली की खुशियां रोशन हो सकें।


सारिका दुबे का मानना है कि जब तक गरीब और जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर खुशी नहीं आती, तब तक किसी भी पर्व की सच्ची भावना अधूरी है। वह कहती हैं कि उनके लिए यह प्रयास हर बार इन वंचितों के चेहरों पर मुस्कान लाने की कोशिश होती है।


इस अवसर पर सारिका दुबे का पूरा परिवार और उनकी संस्था खुशी की उड़ान ने भरपूर सहयोग किया। इस नेक कार्य में श्रीधर दुबे, अन्नपूर्णा दुबे, कृतिका दुबे, ऋतिक कुमार, चितेश्वर सेठ, विशाल कुमार और अन्य सदस्य शामिल रहे, जिन्होंने जरूरतमंदों तक वस्त्र और सामग्रियां पहुंचाकर उनकी दीपावली को खुशियों से भर दिया।