मिर्जापुर। यूपी बिहार बॉर्डर बलिया के नरही थाने में अवैध वसूली की घटना के बाद पूरे यूपी में प्रशासनिक महकमा अलर्ट मोड पर है। पुलिस के आला अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को चेताया है कि वह किसी भी प्रकार के अवैध करतूत में लिप्त नजर आए तो उनके खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई होगी।

इसी बीच यूपी के मिर्जापुर में एसपी अभिनंदन ने शनिवार को जिले के विभिन्न स्थानों में तैनात 30 ऐसे हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया। जिन पर थानों का कारखास होने का आरोप है। मिर्जापुर में इस प्रकार की कार्रवाई पहली बार हुई है। जिसे लेकर पुलिस महाकाव्य में हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल, पुलिस को अखबारों एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से बॉर्डर के थानों और चौकियों पर वसूली की शिकायत मिली थी। इसका संज्ञान लेते हुए एसपी ने यह कार्रवाई की।

बता दें कि पुलिस महकमे में कारखास उन्हें कहा जाता है, जो थाने की वसूली के मामले देखते हैं। जिन लोगों को एसपी ने लाइन हाजिर किया है, उनमें सबसे ज्यादा अहरौरा थाने के पांच और अदलहाट के चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। माना जा रहा है कि अदलहाट और अहरौरा थाना वसूली में नंबर एक व दो पर रहते हैं। इन दोनों थानों की पहले वसूली लिस्ट भी वायरल हो चुकी है।
इस मामले में मिर्जापुर के एसपी अभिनंदन का कहना है कि संदिग्ध आचरण वाले 30 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है। संदिग्ध कार्यों में लिप्त अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)