लखनऊ। दीपावली के बाद उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अब प्रदेश में गुलाबी सर्दी का एहसास होने लगा है, और सुबह-शाम ठंडी हवाओं से ठंडक महसूस हो रही है। नवंबर की शुरुआत के साथ ही रातें और ज्यादा सर्द हो गई हैं, और सुबह कोहरे की चादर में लिपटी हुई रहती है। लखनऊ, वाराणसी, चंदौली, गोंडा, अयोध्या, श्रावस्ती, बलरामपुर, और बहराइच सहित कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ चुका है।
.jpeg)
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में सुबह और शाम की ठंड और बढ़ने की संभावना है। अक्टूबर में अपेक्षाकृत गर्मी रही, लेकिन नवंबर का आगमन ठंड लेकर आया है। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि कोहरा दिनभर बना रहता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश हो सकती है, जिससे गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और तराई के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। दोनों क्षेत्रों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध का असर रहेगा। 5 नवंबर से 9 नवंबर तक प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है। आगामी दिनों में ठंड और बढ़ने की उम्मीद है।

Comments (0)