जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की लपटें तेज़ हो गई हैं। इसी संवेदनशील माहौल में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के एक विवादित बयान ने न केवल देश में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया, बल्कि पाकिस्तान के मीडिया को भारत के खिलाफ प्रोपेगेंडा फैलाने का नया औजार भी दे दिया है।

 

 

दरअसल, अजय राय ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए राफेल लड़ाकू विमानों को ‘खिलौना’ बताते हुए तंज कसा कि “सरकार ने इन पर नींबू-मिर्ची लटकाकर एयरबेस पर खड़ा कर दिया है।” यह बयान उन्होंने एक प्रेस वार्ता में दिया, जिसमें उन्होंने एक प्लास्टिक के राफेल मॉडल को हाथ में लेकर सरकार पर कटाक्ष किया। उनका कहना था कि आतंकी घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन राफेल का कोई उपयोग नहीं हो रहा, सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है।

 

 

अजय राय के इस बयान को पाकिस्तान के प्रमुख समाचार चैनल ARY न्यूज ने हाथों-हाथ लपक लिया और इसे भारत के खिलाफ मनोवैज्ञानिक युद्ध के तौर पर प्रयोग में ले लिया। चैनल ने अपने प्राइम टाइम में इस बयान को प्रमुखता से दिखाते हुए हेडलाइन चलाई, “भारत में राफेल को नींबू-मिर्च बांधकर हैंगर में खड़ा किया गया।” एंकर ने कहा कि भारतीय नेता ने खुद मोदी सरकार के अंधविश्वास और सैन्य तैयारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बयान को तोड़-मरोड़कर पाकिस्तान के हालिया आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में दिखाया गया, ताकि भारत को हास्यास्पद तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।

 

 

इस बयान के बाद भारत में राजनीतिक हलकों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि अजय राय ने देश की सेना और राफेल की ताकत का अपमान किया है। उन्होंने कहा, “यह बयान राहुल गांधी की प्रेरणा से आया है और इसका इस्तेमाल पाकिस्तान में हो रहा है। कांग्रेस जानबूझकर राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है।”

 

 

सेना का मनोबल गिरा रही कांग्रेस: बीजेपी

 

 

बीजेपी नेता आरपी सिंह ने राय पर हमला करते हुए कहा, “ये लोग देश की सेना का मनोबल गिराने में लगे हैं। अगर अगली बार पाकिस्तान पर हमला हो तो लड़ाकू विमान पर नींबू की जगह अजय राय को बांधकर भेज देना चाहिए।” वहीं शिवसेना की शाइना एनसी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सिर्फ मीडिया अटेंशन के लिए देशहित को दांव पर लगा रही है। उन्होंने कहा, “जब सरकार आतंकियों को करारा जवाब देगी, तब इन्हीं नेताओं की बोलती बंद होगी।”

 

 

डैमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस

 

 

विवाद बढ़ने पर कांग्रेस पार्टी को सफाई देनी पड़ी। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बयान जारी कर कहा, “हम सीडब्ल्यूसी द्वारा दिए गए आधिकारिक रुख पर कायम हैं, जिसमें सरकार द्वारा की जाने वाली किसी भी सख्त कार्रवाई का समर्थन किया गया है। हम आतंक के खिलाफ निर्णायक कदम की मांग करते हैं।”

 

 

बता दें कि 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में लश्कर-ए-तैयबा समर्थित संगठन TRF के आतंकियों ने 27 पर्यटकों की निर्ममता से हत्या कर दी थी, जिनमें 26 हुतात्मा हिंदू तीर्थयात्री थे। इसके बाद भारत ने कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं और पाकिस्तान के खिलाफ कई राजनयिक कदम भी उठाए हैं।