वाराणसी। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गौशालाओं और यादव समाज को लेकर दिए बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। शनिवार को वाराणसी के चितईपुर चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में अखिलेश यादव का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।

 


पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव के बयान को हिंदू आस्थाओं और गौ माता का अपमान बताते हुए कड़ी आलोचना की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतले की जूते-चप्पलों से पिटाई कर नाराजगी जाहिर की। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री का बयान न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि उनके राजनीतिक स्तर को भी दर्शाता है।

 


इस मौके पर भाजपा एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अखिलेश यादव का बयान बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव स्वयं यादव समाज से हैं, ऐसे में इस तरह की अनर्गल बातें करना उनके कद के अनुरूप नहीं है। उन्हें तुरंत अपने बयान को वापस लेना चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए।"


हंसराज विश्वकर्मा ने आगे कहा कि योगी सरकार प्रदेश में गौ संरक्षण के लिए व्यापक कदम उठा रही है। हर गांव में गौशालाएं चलाई जा रही हैं, जहां गौ माता की उचित देखभाल की जा रही है। उन्होंने कहा, "हमारी संस्कृति में गौ माता पूजनीय हैं। उनके गोबर से गणेश पूजा होती है और गौमूत्र से औषधियां बनाई जाती हैं। अखिलेश यादव सत्ता से बाहर होने के कारण इस तरह के बयान दे रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है।"

 


उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव तो ऑस्ट्रेलिया में रहे, उनको क्या पता। यहां आने के बाद उनको दिखाई नहीं पड़ रहा है, क्योंकि वह सत्ता से बाहर हो गए हैं। अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव भी चार बार मुख्यमंत्री रहे और अखिलेश यादव भी दो बार मुख्यमंत्री रहे, लेकिन इन लोगों को इतना सत्ता का लालच है। सत्ता नहीं है तो बौखलाए हुए हैं।

 


भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश


पुतला दहन कार्यक्रम में रोहनिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह हिंदू भावनाओं का अपमान है और भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।