प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जीजा और साली के बीच सहमति से बने शारीरिक संबंधों के मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए कहा कि ऐसे संबंध अनैतिक हो सकते हैं, लेकिन अगर महिला बालिग है और संबंध सहमति से बने हैं, तो इसे बलात्कार नहीं माना जा सकता।


क्या था मामला?


जस्टिस समीर जैन की पीठ ने एक मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी जीजा को जमानत दी। उस पर आरोप था कि उसने अपनी साली को शादी का झूठा वादा करके बहलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 366, 376, और 506 के तहत गिरफ्तार किया गया था और जुलाई 2024 से जेल में बंद था।

 


दोनों पक्षों की दलीलें


आवेदक के वकील ने दलील दिया कि उनके मुवक्किल को झूठे आरोपों में फंसाया गया है। वकील ने बताया कि कथित पीड़िता बालिग है और उसने अपने शुरुआती बयान में इन आरोपों से इनकार किया था। हालांकि, बाद में उसने अपना बयान बदलकर अभियोजन पक्ष का समर्थन किया।


वहीं, सरकारी अधिवक्ता ने जमानत का विरोध किया, लेकिन इस तथ्य से इनकार नहीं कर सके कि पीड़िता बालिग थी और संबंध उसकी सहमति से बने थे।

 


अदालत की टिप्पणी


कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि जीजा और साली का रिश्ता भले ही अनैतिक हो, लेकिन इसे बलात्कार के दायरे में नहीं रखा जा सकता, क्योंकि पीड़िता बालिग थी और संबंध सहमति से बने थे। आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं था और वह जुलाई 2024 से जेल में बंद था। पीड़िता ने भी स्वीकार किया कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे।


इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी। कोर्ट ने कहा कि वयस्क महिला के साथ सहमति से बने संबंध अनैतिक हो सकते हैं, लेकिन वे बलात्कार के अपराध को आकर्षित नहीं करते।