झांसी।  पीसीएस ज्योति मौर्य के बहुचर्चित मामले की तरह एक और मामला झांसी में सामने आया है। जहां पत्नी ने लेखपाल बनने के बाद अपने पति को ठुकरा दिया। पति ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की है।

 

शासन की ओर से बुधवार को यूपी में 7720 लेखपालों को नियुक्ति पत्र दिया गया। इसी क्रम में झांसी में लेखपालों की नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान कलेक्ट्रेट पहुंचे युवक का कहना है कि लेखपाल बनने के बाद पत्नी ने उसे ठुकरा दिया। वह यहां पर शादी की तस्वीरों के साथ पहुंचा था।

कोतवाली के नई बस्ती मोहल्ला निवासी नीरज विश्वकर्मा का आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलते ही पत्नी ने उससे दूरियां बना ली। उसका कहना है कि 3 साल पहले उन दोनों ने परिवार से बगावत करके प्रेम विवाह किया था। वह कार पेंटिंग करने का काम करता है।

युवक ने बताया कि प्रेम प्रसंग की बात युवती के परिजनों को पता चली तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों ने ओरछा के मंदिर में जाकर शादी रचा ली। कुछ समय तक दोनों साथ रहे फिर युवती परिजनों के पास चली गई। 2 साल पहले लेखपाल की वैकेंसी आई, तब उसने पत्नी का फॉर्म भरवारा। इसमें पत्नी का चयन हो गया। अब युवक का आरोप है कि लेखपाल बनते ही पत्नी ने उससे दूरियां बना ली।