यूपी में कांवड़ रूट पर ATS (एंटी टेररिस्ट स्क्वायड) की तैनाती की गई है। ATS कांवड़ यात्रा पर अपनी पैनी नजर बनाये हुए है। ATS कमांडो बख्तरबंद गाड़ियों से शनिवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ यात्रा वाले रूट पर सिक्योरिटी की जांच पड़ताल की। वहीं दूसरी ओर ख़ुफ़िया विभाग भी ड्रोन कैमरे से कांवड़ यात्रा की निगरानी कर रहा है। 

 


मुजफ्फरनगर SSP अभिषेक सिंह ने बताया कि हरिद्वार से करीब 5 करोड़ कांवड़िए जल उठाते हैं। करीब ढाई करोड़ कांवड़िए मुजफ्फरनगर होकर जाते हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और यूपी से कांवड़िए शहर के शिव चौक में परिक्रमा करके आगे बढ़ते हैं। इस बार कांवड़ यात्रा सेंसिटिव है, लिहाजा किसी भी हमले की आशंका के चलते कमांडो तैनात किए हैं।

 


इधर, भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर मेरठ, हापुड़, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, गाजियाबाद में 26 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कूल-कॉलेजों में छुट्‌टी कर दी गई है।


इंटेलिजेंस की टीम और सिविल पुलिस ने शिव चौक की सुरक्षा जांच की। इसके बाद दिल्ली देहरादून हाईवे, गंगानगर की पटरी, शामली और बिजनौर को जाने वाले कांवड़ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इधर, बुलंदशहर में शनिवार को डीएम सीपी सिंह और SSP श्लोक ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अफसरों ने गंगा घाटों का निरीक्षण कर कांवड़ियों से बातचीत की।