चंदौली में पुलिस सुरक्षित नहीं है। बबुरी थाना अंतर्गत गोरारी गांव में एक आरोपी को सादे ड्रेस में गिरफ्तार करने गयी पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में 4 पुलिस कर्मी घायल हो गये, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे के अफसरों में खलबली मची हुई है। घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

जानकारी के मुताबिक, गोरारी गांव में सगे भाई लक्ष्मण चौहान और जसवंत चौहान के बीच भारत माला परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर विवाद चल रहा हैं। दो दिन पहले दोनों भाइयों के बीच हुई मारपीट के दौरान लक्ष्मण की पत्नी और बहन गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसी मामले को लेकर पुलिस टीम आरोपी जसवंत चौहान को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

 

बताया जा रहा है कि सोमवार को बबुरी थाने पर तैनात सिपाही विशाल और शैलेश यादव सहित कुल 4 लोग सिविल ड्रेस में जसवंत के यहां पहुंच गए। जहां लक्ष्मण भी मौके पर था। इसी बीच कुछ लोगों ने लामबंद होकर पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। जिससे विशाल का पैर फ्रैक्चर हो गया। जबकि तीन लोग सामान्य रूप से घायल हो गए हैं। फिलहाल दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा हैं। हालांकि पुलिस के अधिकारी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जुट गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन के ऊपर हुए हमले को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं।