कानपुर – प्रेम की आड़ में एक रूह कंपा देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने न सिर्फ रिश्तों को शर्मसार किया है, बल्कि पुलिस की जांच को भी कटघरे में खड़ा कर दिया। पति की हत्या में संलिप्त पाई गई आरोपी पत्नी रीना सोशल मीडिया पर ‘रीना 90’ नाम से एक्टिव थी और इंस्टाग्राम पर रील बनाने की शौकीन थी। उसकी प्रोफाइल पर कई वीडियो अब भी देखे जा सकते हैं, जो अब जांच का हिस्सा बन चुके हैं।

 


घटना कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के लक्ष्मण खेड़ा गांव की है, जहां 10 मई की रात घर के बाहर सो रहे धर्मेंद्र की बर्बर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन सुबह 11 मई को उसका खून से सना शव चारपाई पर पड़ा मिला तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिवार वालों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम समेत पुलिस ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए।


जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, धर्मेंद्र की पत्नी रीना की गतिविधियों ने पुलिस को शक में डाल दिया। रीना ने शुरुआत में खुद को पीड़िता दिखाने की कोशिश की और यहां तक कहा कि उसके पास मोबाइल फोन ही नहीं है। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो सच सामने आ गया। एडीसीपी साउथ महेश कुमार के अनुसार, रीना ने खुद स्वीकार किया कि उसके पास दो मोबाइल थे। एक मोबाइल पुलिस ने उसके घर से बरामद कर लिया, जबकि दूसरा मोबाइल उसने घटना के दो दिन बाद सिम कार्ड सहित एक तालाब में फेंक दिया था।

 


पुलिस ने तालाब से मोबाइल बरामद करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। अनुमान है कि उस मोबाइल में रीना और उसके प्रेमी सतीश के बीच हुई कई अहम बातचीत और तस्वीरें मौजूद हो सकती हैं। इसके अलावा, रीना के एक फोन से कथित रूप से अश्लील वीडियो मिलने की चर्चा भी आम हो गई, हालांकि पुलिस ने इस बात से इनकार किया है। फिलहाल, दोनों के मोबाइल फोनों को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए लखनऊ लैब भेजा गया है, जिससे कई और रहस्य उजागर होने की उम्मीद है।


पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह रिश्तों को तार-तार कर देने वाली थी। धर्मेंद्र की पत्नी रीना का अपने भतीजे सतीश से अवैध संबंध था। जब धर्मेंद्र को इसकी भनक लगी, तो घर में विवाद शुरू हो गए। इसके बाद दोनों ने मिलकर धर्मेंद्र को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 10 मई की रात रीना ने खाने में नींद की गोलियां मिलाकर धर्मेंद्र को बेहोश किया। जब वह होश में नहीं था, तब रीना ने लकड़ी की चौखट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


हत्या के बाद रीना ने खून के सारे निशान मिटाने की भरपूर कोशिश की। उसने घर की पूरी सफाई की और खून से सने कपड़े धोकर बाथरूम में छिपा दिए। लेकिन पुलिस को घर में खून के छींटों पर संदेह हुआ और बेंजाडीन टेस्ट में खून के नमूने मिले, जिससे उसकी पोल खुल गई।


मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और चैटिंग से भी दोनों के बीच लंबे समय तक संपर्क की पुष्टि हुई। जब रीना और सतीश से हिरासत में पूछताछ की गई तो दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।

 


इस केस में सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह रहा कि शुरुआती जांच में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर गांव के ही बेकसूर पिता-पुत्र कीर्ति उर्फ बड़कऊ, उनके बेटे रवि और राजू पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था। बाद में जब असली दोषियों का खुलासा हुआ, तब जाकर पुलिस ने कोर्ट से निर्दोषों को रिहा कराने की प्रक्रिया शुरू की।


एडीसीपी साउथ महेश कुमार के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि भतीजा सतीश पहले हत्या के लिए तैयार नहीं था, लेकिन रीना ने अकेले ही इस अपराध को अंजाम दे डाला। इसके बाद दोनों ने मिलकर सबूत मिटाने और दूसरों को फंसाने की कोशिश की। पुलिस ने इस पूरी साजिश का खुलासा सर्विलांस और फॉरेंसिक जांच की मदद से किया।


धर्मेंद्र के परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ी और कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। हत्या के पीछे रीना और सतीश का अनैतिक रिश्ता ही मुख्य वजह बना। पुलिस ने सारे डिजिटल साक्ष्य और फोरेंसिक रिपोर्ट्स को अदालत में पेश किया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।