बरेली। कर्मचारी नगर तिराहे के पास एक घर में लंबे समय से ग्लैक्सी स्पा नामक मसाज सेंटर की आड़ में चल रहे अनैतिक कार्यों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शनिवार रात सूचना मिलने के बाद इज्जतनगर पुलिस और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव की अगुवाई में छापेमारी कर मौके से छह महिलाओं और दो पुरुषों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से 13,530 रुपये नकद, अश्लील सामग्री और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में सभी आरोपितों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


मसाज सेंटर की आड़ में चल रहा था अनैतिक धंधा


एसएसपी अनुराग आर्य को जब स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट चलने की पक्की खबर मिली तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने टीम बनाकर शनिवार देर रात मिनी बाइपास स्थित एक घर पर छापा मारा, जहां स्पा के नाम पर देह व्यापार का संचालन किया जा रहा था। पुलिस को वहां से कई आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिलीं, जिससे इस बात की पुष्टि हुई कि यह जगह अनैतिक गतिविधियों का अड्डा बन चुकी थी।

 


महिलाओं ने कबूली सच्चाई, बोले- शौक पूरे करने को अपनाया रास्ता


पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि वे अपनी आर्थिक आवश्यकताओं और निजी शौकों को पूरा करने के लिए इस गलत राह पर चलीं। ग्राहक को मसाज के बहाने बुलाया जाता और फिर 1000 से 2000 रुपये तक की डील तय होती थी। ये लोग नकद के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान के लिए क्यूआर कोड भी इस्तेमाल करते थे। अधिकतर ग्राहक फोन कॉल के जरिये बुलाए जाते और फिर उन्हें पसंद की लड़की कमरे में भेजी जाती थी।


सेक्सवर्धक दवाओं का बड़ा स्टॉक मिला


मौके से बरामद सामग्री में बड़ी मात्रा में यौन उत्तेजना बढ़ाने वाली दवाएं, गर्भ निरोधक साधन, सौंदर्य प्रसाधन, 10 स्मार्टफोन और ऑनलाइन पेमेंट के लिए इस्तेमाल हो रहे क्यूआर कोड शामिल हैं। यह स्पष्ट है कि इस रैकेट को योजनाबद्ध तरीके से चलाया जा रहा था।

 


गोरखपुर का नीरज बना सरगना, पत्नी समेत कई गिरफ्तार


पुलिस जांच में पता चला है कि इस रैकेट का संचालन गोरखपुर के नीरज और उसकी सहयोगी सलोनी कर रहे थे। छापे के दौरान नीरज की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने जिन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें संजयनगर (बारादरी) की ज्योति, भोजीपुरा निवासी सचिन व किशन कुमार, मुरादाबाद के कटघर इलाके की रवीना, आफरीन और फबिया, सिविल लाइंस मुरादाबाद की आयशा तथा ठाकुरद्वारा मुरादाबाद की रानी शामिल हैं।


मोबाइल कॉल डिटेल से हो सकती हैं और गिरफ्तारियां


पुलिस ने सभी आरोपितों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। आशंका है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य सहयोगी और ग्राहक भी जल्द ही गिरफ्त में आ सकते हैं। सरगना नीरज और सलोनी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

 


एसएसपी बोले - अनैतिक कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा


एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार गुप्त सूचना तंत्र सक्रिय है और आगे भी ऐसे अड्डों पर कार्रवाई जारी रहेगी।