बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने थाना फतेहगंज पश्चिमी की पूरी पुलिस चौकी को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों पर निर्दोष किसान को झूठे मामले में फंसाने और अवैध वसूली का आरोप सिद्ध होने के बाद की गई।


फतेहगंज पश्चिमी पुलिस चौकी प्रभारी बलवीर सिंह और कांस्टेबल मोहित चौधरी व हिमांशु के खिलाफ अपहरण, धमकी और अवैध वसूली का मामला दर्ज किया गया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने भिटौरा गांव के एक किसान को जबरन उठा लिया और उसे स्मैक तस्करी के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये की मांग की।

 


बिना वारंट घर में घुसकर की तोड़फोड़


घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। आरोपियों ने किसान बलवीर के घर में बिना वारंट जबरन घुसकर तलाशी ली, सामान बिखेर दिया और उसे जबरदस्ती उठा ले गए। इसके बाद उसे एक निजी ठिकाने पर बंद कर दिया गया और परिजनों से संपर्क कर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।


परिवार ने की SSP से शिकायत, पुलिसकर्मी फरार


परिजनों ने तत्काल इस घटना की जानकारी आईजी और एसएसपी बरेली को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने सीओ हाईवे को मौके पर भेजा। पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी पुलिसकर्मी फरार हो गए।

 


आरोप साबित होने पर कार्रवाई


जांच में सभी आरोप सही पाए गए, जिसके बाद फतेहगंज पश्चिमी चौकी प्रभारी बलवीर सिंह और दोनों सिपाहियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि तीनों को सस्पेंड कर दिया गया है और उनकी तलाश जारी है।