मऊ। माफिया मुख्तार अंसारी के सहयोगी की लगभग तीन करोड़ रुपये की संपत्ति को गुरुवार को पुलिस ने जब्त कर लिया। सहादतपुरा, शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित अफजाल की दो जमीनों को पुलिस ने अपनी कब्जे में लिया। इस कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडेय के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

 


जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी. के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई। सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडेय ने जानकारी दी कि गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल में बंद मुख्तार अंसारी का सहयोगी अफजाल संगठित अपराधों में शामिल था।

 


गौरतलब है कि अफजाल ने गिरोह बनाकर और अवैध वसूली के जरिए यह संपत्ति हासिल की थी। संगठित अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई इन संपत्तियों को प्रशासन ने धारा 14(1) के तहत जब्त कर लिया है। इनमें से एक संपत्ति की कीमत 2 करोड़ रुपये है, जबकि दूसरी संपत्ति की कीमत लगभग 70 लाख रुपये है।