चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक नगर क्षेत्र के हमीदपुर गांव के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने स्टेशन मास्टर को गोली मार दी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।  सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, सीओ आशुतोष तिवारी, इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।

 


जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर जनपद के मूल निवासी 58 वर्षीय वीरेन्द्र कुमार वर्मा जीवनाथपुर स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात है। बुधवार की रात्रि ड्यूटी कर अपने आवास जा रहे थे। औद्योगिक नगर क्षेत्र के हमीदपुर गांव के पास घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही स्टेशन मास्टर जमीन पर लहूलुहान होकर गिर कर छटपटाने लगे।  गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। तब तक बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए।

 


वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस घायल को ट्रामा सेंटर भिजवाया और जांच पड़ताल में जुट गई। लोगों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व स्टेशन मास्टर वीरेंद्र वर्मा का अवैध वेंडरों से विवाद हो गया था। वेंडरों ने स्टेशन मास्टर को देख लेने की धमकी दिया था। बहरहाल पुलिस हर एक एंगल पर जांच कर रही है।


इस बाबत मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है, जिनको शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।