बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए अत्याचार को लेकर जहां पूरे देश भर में भाजपा व हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। वहीं यूपी के बरेली में भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल दरोगा को हड़काते हुए दिखे। बरेली के कैंट से भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान भीड़ ज्यादा होने की वजह से दरोगा ने पीछे रहने के लिए कहा। यही बात विधायक को अच्छी नहीं लगी। 


उन्होंने दरोगा को हड़काते हुए वहां से चले जाने को कहा। जब दरोगा वहीं खड़ा रहा, तो वह गुस्से में आ गए। उन्होंने धमकाते हुए कहा ऐ दरोगा, आंखें नीचे कर... कर नीचे। इस घटना का वीडियो सामने आया है। सिटी मजिस्ट्रेट दरोगा को ही समझाते हुए नजर आए।

 


बरेली के कैंट से भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल पेशे से कारोबारी हैं वह 2022 के विधानसभा चुनाव में विधायक बने थे। बांग्लादेश में चल रहे अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर भाजपा नेता मुखर हैं। इसी के चलते विधायक और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। सभी लोग एक साथ खड़े होकर सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंप रहे थे। 

 


भीड़ ज्यादा होने के कारण वहां पुलिस की भी ड्यूटी लगी थी। इसी बीच वहां मौजूद एक दरोगा ने विधायक और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं को पीछे रहने के लिए कहा। इसके बाद विधायक के तेवर बदल गए। नाराज विधायक ने दरोगा को हड़काना शुरू कर दिया। विधायक ने कहा, 'हटिए पीछे, समझ नहीं आ रहा है आपको'। जब दरोगा पीछे नहीं हटता है, तो विधायक कहते हैं, 'ऐ दरोगाजी, ऐ दरोगाजी... आंखें नीचे कर, हटो पीछे, हट पीछे। देखो घूर रहा है। इस बीच सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला ने भी बीच बचाव करने की कोशिश की उन्होंने विधायक को शांत रहने की सलाह दी, लेकिन विधायक दरोगा को धमकाते रहते हैं।