आगरा में महज तीन दिन पहले नई नवेली दुल्हन बनकर ससुराल आई महिला ने अपने ही पति को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया और फिर नकदी व गहनों के साथ फरार हो गई। इस जघन्य अपराध में दोषी पाई गई महिला को अदालत ने उम्रकैद की सजा के साथ 75 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी सुनाया है।
यह सनसनीखेज मामला आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र का है। मृतक की बहन विशेषा देवी ने 25 मई 2016 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया था कि उनके छोटे भाई निर्मल सिंह ने 21 मई को उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र स्थित बैलजुड़ी गांव की रहने वाली महिला तारा से विवाह किया था। शादी के बाद वह तारा को लेकर अपने घर आगरा आया था। परिवार में शादी की खुशियां चल ही रही थीं कि कुछ ही दिन में मातम पसर गया।

घटना वाले दिन, 25 मई की सुबह, निर्मल का बेटा भारत जब अपने पिता को जगाने गया तो वह बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और निर्मल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच घर से उसकी पत्नी तारा, नकदी और जेवरात भी गायब थे।
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और आरोपी महिला को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जो सच्चाई सामने आई, वह चौंकाने वाली थी। आरोपी महिला का असली नाम रुबीना था, और वह पहले से शादीशुदा थी। पुलिस के अनुसार, वह सुनियोजित तरीके से ऐसे अधेड़ या अविवाहित पुरुषों को निशाना बनाती थी, जिनके पास संपत्ति या पैसा होता। वह शादी कर कुछ दिन साथ रहती और फिर मौके पाकर नकदी और गहनों के साथ फरार हो जाती।

इस केस में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी स्पष्ट हुआ कि मृतक को जहर देकर मारा गया था। अभियोजन पक्ष की ओर से मृतक की बहन विशेषा देवी, बेटे भारत, चिकित्सक डॉ. प्रभात सिंह, विवेचना अधिकारी एसआई राजीव कुमार, एसओ तेज बहादुर सिंह, कांस्टेबल धारा सिंह और विधि विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारी कर्नल कुंवर प्रताप सिंह को बतौर गवाह अदालत में पेश किया गया।
इन सभी गवाहियों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर एडीजे-21 विराट कृष्ण श्रीवास्तव की अदालत ने रुबीना को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई और 75 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।

Comments (0)