वाराणसी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को अमेरिका में भड़काऊ बयान देना महंगा पड़ गया है। कांग्रेस सांसद के अमेरिका दौरे के दौरान दिए गए इस बयान को लेकर न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय की कोर्ट में एक अर्जी दाखिल की गई है, जिसमें उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। कोर्ट ने इस अर्जी पर स्थानीय थाने से रिपोर्ट तलब करते हुए अगली सुनवाई की तारीख 1 अक्टूबर तय की है।
.jpeg)
इस अर्जी को तिलमापुर के पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्र ने अपने वकील अलख नारायण राय और संदीप यादव के जरिए दाखिल किया है। अर्जी में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने अपने हालिया अमेरिका दौरे के दौरान एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि "भारत में सिखों के बीच असुरक्षा का माहौल है। उन्हें न तो पगड़ी और कड़ा पहनने की अनुमति दी जा रही है और न ही गुरुद्वारों में प्रवेश की इजाजत है।"

अर्जी में यह भी दावा किया गया है कि राहुल गांधी के इस बयान को खालिस्तानी आतंकी गुरुपतवंत सिंह पन्नू ने समर्थन दिया है, जिससे आतंकवादी गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। इसके अलावा, अर्जी में यह आरोप लगाया गया है कि उनके इस बयान से ऐसा प्रतीत होता है कि वे भारत में गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा करने की साजिश कर रहे हैं।
आवेदनकर्ता ने कोर्ट से राहुल गांधी के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज करने का अनुरोध किया है। अब इस मामले की सुनवाई 1 अक्टूबर को होगी, जिसमें स्थानीय थाने से मांगी गई रिपोर्ट पेश की जाएगी।

Comments (0)