चंदौली। परशुरामपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में बुधवार को 'क्रिसमस-डे' के उपलक्ष्य में भव्य 'बाल मेला-2024' का आयोजन किया गया। इस मेले में 55 खान-पान के स्टॉल और 10 सजीव झांकियों ने आयोजन को विशेष बनाया। इसके साथ ही साइंस, कॉमर्स, स्पोर्ट्स और क्राफ्ट की अलग-अलग प्रदर्शनी ने दर्शकों का ध्यान खींचा। चित्रकला प्रदर्शनी को भी अभिभावकों और आगंतुकों ने खूब सराहा।

 


बाल मेले का उद्घाटन चेतना मंच के महामंत्री प्रकाश चंद चौरसिया ने किया। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम प्रधान जफरपुर रामविलास यादव, ग्राम प्रधान अमोघपुर सुनील कुमार चौहान, और ग्राम प्रधान परोरवा रामेश्वर प्रसाद मौजूद थे। अतिथियों का स्वागत सीएमडी डॉ. विनय कुमार वर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के कोऑर्डिनेटर कुमार रवि और धन्यवाद ज्ञापन प्रिंसिपल विभा सिंह ने किया।

 


सजीव झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र


बाल मेले में प्रस्तुत झांकियों में भगवान यीशु के जन्म की झांकी, भारत माता, नारी शक्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्कूल की बिल्डिंग की झांकी और पूरे वर्ष के कार्यक्रमों की संयुक्त झांकी प्रमुख रहीं। इन झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 


प्रदर्शनियों ने बटोरा ध्यान


मेले में विभिन्न विषयों की प्रदर्शनी सजाई गई। साइंस और क्राफ्ट प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की प्रतिभा झलकी, वहीं स्पोर्ट्स और कॉमर्स प्रदर्शनी को भी खूब सराहा गया। चित्रकला प्रदर्शनी ने अभिभावकों और आगंतुकों का खास ध्यान खींचा।


अतिथियों और दर्शकों का विशेष स्वागत


अतिथियों के स्वागत में छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जो सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अलग-अलग अंदाज में किए गए स्वागत ने मेले की भव्यता को और बढ़ा दिया।


विशिष्ट उपस्थिति


कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर सत्यम वर्मा, माजिद परवेज, प्रशांत कुमार राय, सर्वजीत यादव, सूफी शमसुद्दीन समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और अभिभावक उपस्थित थे।


अभिभावकों की उमड़ी भीड़


मेले में अभिभावकों और दर्शकों की भारी भीड़ देखी गई। आयोजन ने बच्चों, अभिभावकों और आगंतुकों के बीच क्रिसमस पर्व की खुशियां और जोश भर दिया।