चंदौली। चंदौली के अति व्यस्ततम इलाके चकिया-मुगलसराय मार्ग पर जाम की समस्या समाप्त होगी। अब यह सड़क फोरलेन बनने जा रही है। यहां डबल डेन फॉर लेन सड़क बनाने के लिए शासन के ओर से 200 करोड़ रुपए का बजट जारी किया गया है। छात्र शक्ति इंफ़्रा लिमिटेड की ओर से इसका निर्माण कराया जायेगा।
दरअसल, चकिया से पीडीडीयू नगर मार्ग पर जाम के कारण अक्सर पब्लिक को दो-चार होना पड़ता है। पहले यह सड़क सिंगल लेन थी। बाद में जाम की समस्या को देखते हुए इसका चौड़ीकरण कर डबल लेन किया गया। बावजूद इसके जाम की समस्या बनी रही। इसी के चलते इस रास्ते को फोर लेन बनाने की मांग की जा रही थी।

शासन ने फोरलेन के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए इसका काम कार्यदायी संस्था को सौंपा है। शासन स्तर से बजट जारी होते ही भूमिपूजन भी कर लिया गया। इस रास्ते के फोरलेन हो जाने से न सिर्फ प्रतिदिन आवागमन करने वालों को सहूलियत होगी, बल्कि नौगढ़ क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसी मार्ग पर पड़ने वाले चंदाईत में औद्योगिक क्षेत्र का विकास भी किया जा रहा है। ऐसे में उद्योग व व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

Comments (0)