चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी और हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार सुबह रेवसा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रंजीत और लेखराज को कोर्ट पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाब में चली गोली
एसपी चंदौली आदित्य लांघे ने बताया कि आरोपी रंजीत और लेखराज कोर्ट में पेशी के लिए पुलिस अभिरक्षा में थे। रास्ते में उन्होंने मौका पाकर एक सिपाही की पिस्तौल छीन ली और भागने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, तो दोनों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों के पैरों में गोली लगने के बाद वे मौके पर ही गिर पड़े।
मुख्य आरक्षी रोशन यादव घायल
मुठभेड़ के दौरान अलीनगर थाने के मुख्य आरक्षी रोशन यादव को भी गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहीं घायल आरोपियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नियमताबाद में भर्ती कराया गया है। सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
रेप के बाद हत्या से सन्नाटे में गांव
घटना के पीछे की कहानी बेहद दर्दनाक है। बीते सोमवार, 27 अक्टूबर की शाम जब नाबालिग बच्ची घर लौट रही थी, तभी आरोपियों ने उसे बहला-फुसलाकर सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया और फिर हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की थी।

फरार आरोपियों की तलाश में लगी थी कई टीमें
घटना के बाद से दोनों आरोपी रंजीत और लेखराज फरार हो गए थे। पुलिस की कई टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं। शुक्रवार को क्राइम ब्रांच और अलीनगर पुलिस को उनके रेवसा रेलवे क्रॉसिंग के पास होने की सूचना मिली। पुलिस ने जब दोनों को गिरफ्तार कर रिमांड के लिए कोर्ट ले जाने की प्रक्रिया शुरू की, तभी उन्होंने भागने की साजिश रच डाली।
मुठभेड़ के बाद खुली आपराधिक पृष्ठभूमि की फाइल
एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनकी पुरानी आपराधिक गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि वे पहले भी इलाके में चोरी और अन्य अपराधों में शामिल रहे हैं।
इलाके में बढ़ाई गई पुलिस चौकसी
घटना के बाद अलीनगर क्षेत्र में पुलिस चौकसी और बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है और बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यह भी अपील की है कि आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की घिनौनी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।
न्याय की मांग में उबाल
गांव में बच्ची की मौत के बाद से लोगों में गुस्सा है। महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाकर जल्द से जल्द सजा दी जाए।
Comments (0)