छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सोमवार को नक्सलियों ने एक जवानों को लेकर जा रहे वाहन को आईईडी ब्लास्ट से उड़ा दिया। इस हमले में दंतेवाड़ा के DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के 8 जवान शहीद हो गए, साथ ही एक ड्राइवर की भी मौत हो गई।


बीजापुर मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर अंबेली गांव के पास यह घटना दोपहर करीब सवा 2 बजे हुई। आईजी बस्तर रेंज, सुंदरराज पी ने बताया कि यह ऑपरेशन पूरा कर लौट रही संयुक्त ऑपरेशन पार्टी पर नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया। धमाका इतना जोरदार था कि सड़क पर 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी के कुछ हिस्से 30 फीट दूर एक पेड़ पर 25 फीट की ऊंचाई तक जा पहुंचे।

 


छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, विष्णु देव साय ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "आज हुए इस आईईडी विस्फोट में हमारे 8 जवान और एक ड्राइवर शहीद हुए हैं। मैं उनकी शहादत को नमन करता हूं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। नक्सलियों को लगातार परास्त किया जा रहा है, और वे अब कायराना हरकतें कर रहे हैं। हम जल्द छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा करेंगे और शांति बहाल करेंगे।"

 


शनिवार रात को अबूझमाड़ के जंगल में हुई मुठभेड़ में 5 नक्सली मारे गए थे। इसमें एक DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए थे, जबकि सुरक्षा बलों ने एक महिला नक्सली सहित 5 माओवादी आतंकवादियों को मार गिराया था।