मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एयरपोर्ट के वॉशरूम में स्थित डस्टबिन से एक नवजात शिशु का शव बरामद किया गया। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस और एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।

 


शिशु को नहीं बचाया जा सका


पुलिस के मुताबिक, सहार इलाके में स्थित टी2 टर्मिनल के वॉशरूम में पड़े कूड़ेदान में नवजात का शव मिला। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मियों को इस बारे में जानकारी मिली। तुरंत ही बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 


सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि इस घटना के पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाया जा सके। इसके अलावा, पुलिस अस्पतालों, आश्रय गृहों और अनाथालयों से भी संपर्क कर रही है। हाल ही में एयरपोर्ट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की जानकारी भी खंगाली जा रही है ताकि कोई ठोस सुराग मिल सके।