लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक बार फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में एक संदेश आया, जिसमें धमकी दी गई थी कि अगर योगी आदित्यनाथ ने अगले 10 दिनों के भीतर इस्तीफा नहीं दिया, तो उनका हाल 'बाबा सिद्दीकी' जैसा कर दिया जाएगा।


शनिवार शाम को यह धमकी भरा संदेश मिलने पर मुंबई पुलिस ने तुरंत यूपी पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। अब मुंबई पुलिस उस व्यक्ति या समूह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है जिसने यह संदेश भेजा है। यूपी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस संदेश की वैधता की जांच की जा रही है।


मुंबई पुलिस जांच कर रही है कि यह मैसेज कहां से आया और किसने भेजा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह किसी की शरारत है या कोई गंभीर खतरा। यह पहली बार नहीं है, जब सीएम योगी को इस प्रकार की धमकियां मिली हैं।


सीएम योगी को पहले भी मिली हैं धमकियां:


- मार्च 2024: सीएम को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। पुलिस मुख्यालय के एक हेड कांस्टेबल के सरकारी नंबर पर धमकीभरा कॉल आया था।


- जनवरी 2024: आतंकी पन्नू ने एक वॉयस मैसेज भेजकर अयोध्या में गिरफ्तार किए गए तीन आतंकियों को न छोड़ने पर योगी को जान से मारने की धमकी दी थी।


- अप्रैल 2022: वाट्सऐप पर सीएम को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी देने वाले व्यक्ति सरफराज को साइबर सेल ने राजस्थान से गिरफ्तार किया था।


- अप्रैल 2021: डायल 112 के वाट्सऐप नंबर पर एक मैसेज आया था, जिसमें चार दिन के भीतर योगी को मारने की धमकी दी गई थी।


- दिसंबर 2020: डायल 112 पर वाट्सऐप से ही बम से उड़ाने की धमकी दी गई।


- नवंबर 2020: डायल 112 पर एक नाबालिग लड़के ने सीएम को मारने की धमकी दी। उसे आगरा से हिरासत में लिया गया।


- जुलाई 2020: डायल 112 पर योगी को जान से मारने की धमकी आई थी। इसमें कानपुर देहात का एक 12वीं का छात्र शामिल था।

सीएम की सुरक्षा व्यवस्था


सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में हर समय NSG के 25 कमांडो मौजूद रहते हैं। शिफ्ट्स के हिसाब से कुल 75 कमांडो तैनात होते हैं। ये सभी काले रंग की वर्दी में होते हैं और इनके वर्दी पर बैज लगा होता है। योगी आदित्यनाथ को मिली Z प्लस सुरक्षा में 5 बुलेटप्रूफ गाड़ियां भी शामिल हैं। यह सुरक्षा देश की कुछ ही महत्वपूर्ण शख्सियतों को दी जाती है।