वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर आज वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वे विकास कार्यों, कुंभ की तैयारियों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। सीएम योगी अपने दौरे में काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।


प्रशासन की तैयारियां पूरी


सीएम के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। विभागों ने अपने-अपने कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में काशी में चल रही रोपवे परियोजना प्रमुख रहेगी। इसके साथ ही दौरे के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

 


सीएम योगी दोपहर 12 बजे लखनऊ से विशेष विमान द्वारा वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से सोनभद्र जाएंगे। लगभग चार बजे उनकी वापसी होगी, जब उनका हेलीकॉप्टर वाराणसी पुलिस लाइन में लैंड करेगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचेंगे।


जनप्रतिनिधियों से करेंगे संवाद


सर्किट हाउस पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले भाजपा के जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मेयर, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।


परखेंगे विकास कार्यों की स्थिति और कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा


शाम पांच बजे सीएम सर्किट हाउस के मुख्य सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक में काशी में चल रहे प्रमुख प्रोजेक्ट्स की प्रगति पर चर्चा होगी। इसमें कार्यों को समय पर पूरा करने में आ रही बाधाओं पर मंथन किया जाएगा।

 


काशी विश्वनाथ मंदिर का निरीक्षण


सीएम योगी शाम सात बजे कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर की विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। महाकुंभ 2025 के मद्देनजर आने वाले श्रद्धालुओं की तैयारियों का भी जायजा लेंगे। इस दौरान वे कुछ श्रद्धालुओं से बातचीत कर सकते हैं।


कल लखनऊ के लिए होंगे रवाना


देर रात मुख्यमंत्री सर्किट हाउस लौटेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन सुबह सीएम व्यापारियों, समाजसेवियों और अन्य जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वाराणसी के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना होंगे।