-    देश का गुलाम होना विदेशी आक्रान्ताओं की चालों का परिणाम था: सीएम 


-    सच्चा संत या योगी कभी सत्ता के आगे नहीं झुकता

 

चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अघोराचार्य बाबा कीनाराम की जन्मस्थली पर आयोजित 425वें अवतरण समारोह में भाग लिया और बाबा की महान साधना और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोई भी संत, महात्मा या योगी कभी सत्ता का गुलाम नहीं हो सकता, बल्कि वे समाज को अपने सिद्धांतों पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। इसी सिद्धांत को बाबा कीनाराम ने 425 वर्ष पहले अपने जीवन के माध्यम से प्रस्तुत किया।

 


सीएम योगी ने कहा कि देश का गुलाम होना विदेशी आक्रांताओं की चालों का परिणाम था, जिन्होंने समाज को विभाजित करने में सफलता पाई। लेकिन संत और संन्यासी हमेशा राष्ट्रहित, समाजहित और मानव कल्याण में अपनी साधना और सिद्धि का उपयोग करते हैं। 

 


बाबा कीनाराम के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हुए, सीएम योगी ने कहा कि वे जन्म से ही एक दिव्य विभूति थे। उन्होंने अपने साधना और सिद्धियों का उपयोग समाज के उत्थान और राष्ट्र की सेवा के लिए किया। बाबा कीनाराम ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य किया, जो एक संत, अघोराचार्य या योगी के माध्यम से ही संभव था।

 


सीएम योगी ने बाबा कीनाराम के जीवन की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने उच्च कुलीन परिवार में जन्म लेने के बावजूद, जनजातियों और स्थानीय निवासियों के जीवन को सुधारने के लिए कई कार्यक्रम शुरू किए। उन्होंने उस समय के शासकों को भी सख्त संदेश दिया और मुगलों के खिलाफ आवाज उठाई। यह साबित करता है कि एक सच्चा संत या योगी कभी भी सत्ता के आगे नहीं झुकता।

 


बाबा कीनाराम के काशी में क्रीं कुंड की स्थापना का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया, जिसे उन्होंने भारत की सभी साधना विधियों को एकत्रित करके स्थापित किया था। मुख्यमंत्री ने चंदौली में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा कीनाराम के नाम पर रखने के निर्णय को भी बाबा के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बताया।

 


समारोह के दौरान, मुख्यमंत्री योगी ने सभी से लोकमंगल के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की और कहा कि बाबा कीनाराम द्वारा शुरू किए गए समाज सुधार के कार्यों को जारी रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारा हर कार्य राष्ट्र के नाम होना चाहिए और हमें 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

 


इस कार्यक्रम में अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम, पूर्व केंद्रीय मंत्री और चंदौली के पूर्व सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, विधायक सुशील सिंह और अन्य प्रमुख व्यक्ति भी उपस्थित रहे।