-    वांग्मय के विकास के लिए बनेगा 3-D म्यूजियम

 

-    भारतीय नक्षत्र विद्या और खगोल विद्या पर आधारित म्यूजियम बनाने के दिया निर्देश


वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का अचानक निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने संकाय, छात्रावास और लाइब्रेरी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने लाइब्रेरी में संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों को देखा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। विश्वविद्यालय के पठन-पाठन और अन्य गतिविधियों के बारे में कुलपति समेत अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी।

 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान कुलपति और शिक्षकों ने बताया कि विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मुख्य भवन में वैदिक वांग्मय के विकास पर आधारित 3-डी म्यूजियम का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें 16 संस्कार, 64 कलाएं और 18 विद्या स्थानों को विस्तार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, चौकाघाट को पुनः इस विश्वविद्यालय के संकाय में शामिल करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। साथ ही, परिसर के 234 वर्षीय मुख्य भवन के अंदर भारतीय नक्षत्र विद्या और खगोल विद्या पर आधारित म्यूजियम बनाने का निर्देश दिया।

 


मुख्यमंत्री ने देखी दुर्लभ पांडुलिपियां


सीएम योगी ने सरस्वती भवन में संरक्षित "रास पंचाध्यायी", भागवतगीता और दुर्गासप्तशती जैसी दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन किया, जो स्वर्ण अक्षरों और कलाओं से सुसज्जित हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति की धरोहर को संरक्षित करने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की और इस अभियान को जारी रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विस्तार भवन में राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन के तहत पांडुलिपियों के संरक्षण के कार्यों का भी निरीक्षण किया। 

 


संस्कृत में होंगे सभी विभागों के बोर्ड


निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि विश्वविद्यालय परिसर के सभी विभागों के साइन बोर्ड संस्कृत भाषा में किए जाएंगे और सीवर, ड्रेनेज और जर्जर सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इससे पहले, कुलपति प्रो. बिहारीलाल शर्मा और कुलसचिव राकेश कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्पगुच्छ के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।