प्रयागराज महाकुंभ 2025 को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में उनका स्वागत है, जो भारत की सनातन परंपरा में विश्वास रखते हैं। लेकिन जिनकी मानसिकता नकारात्मक या विघटनकारी है, उनके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। सीएम योगी ने ये बातें शुक्रवार को एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में कही। वह प्रयागराज के दो दिवसीय दौरे पर हैं और महाकुंभ की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।


सनातन परंपरा में आस्था रखने वाले मुसलमानों का स्वागत


सीएम योगी ने कहा कि महाकुंभ में ऐसे मुसलमानों का स्वागत है, जो खुद को भारतीय मानते हैं और सनातन परंपरा में श्रद्धा रखते हैं। उन्होंने कहा, "जो लोग यह मानते हैं कि उनके पूर्वजों ने किसी दबाव में इस्लाम स्वीकार किया था, लेकिन वे सनातन संस्कृति से जुड़े हैं, ऐसे लोग प्रयागराज आएं। वे संगम में स्नान कर अपनी परंपराओं का पालन करें।" योगी ने कहा कि जो मुसलमान अपने गोत्र को भारत के ऋषियों के नाम से जोड़ते हैं, उनके महाकुंभ में आने में कोई समस्या नहीं है।

 


"बंटे थे तो कटे थे" से सबक लेने की जरूरत


सीएम योगी ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि भारत को विभाजन के दौरान भारी पीड़ा झेलनी पड़ी थी। उन्होंने कहा, "इतिहास बताता है कि जब भी देश बंटा, नुकसान हुआ। अगर हम इस गलती से सबक सीखेंगे, तो फिर कभी गुलामी या विभाजन की स्थिति पैदा नहीं होगी।"


संविधान और आपातकाल पर साधा निशाना


योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के संविधान में "सेक्युलर" और "सोशलिस्ट" शब्द मूल रूप से शामिल नहीं थे। ये शब्द आपातकाल के दौरान जोड़े गए थे। उन्होंने कहा, "बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा तैयार संविधान की मूल प्रति में ये शब्द नहीं थे। जो लोग संविधान का गला घोंट चुके हैं, वे आज जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।"

 


लोकतंत्र का गला घोंटने वाले लोगों को बेवकूफ बना रहे


सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा, "जिन्होंने लोकतंत्र का गला घोंटा, वे अब संविधान की प्रति हाथ में लेकर जनता को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन देश की जनता अब इनकी सच्चाई समझ चुकी है और इन्हें सबक सिखा रही है।"