संभल। यूपी के संभल जिले में गुरुवार को एक शादी के जश्न का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके से पूरे घर में भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि आग की लपटें एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं और मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी (CO) अनुज चौधरी भी घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।
घटना चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के मौलागढ़ गाँव की है, जहाँ दूल्हा कुलदीप के घर में विवाह से पहले मंडे की दावत का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में लीकेज के चलते अचानक विस्फोट हुआ और चंद सेकंड में ही आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। घर के अंदर परिवार के कई सदस्य उस समय मौजूद थे, जो लपटों के बीच फँस गए।
सूचना मिलते ही CO अनुज चौधरी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली। वह जैसे ही आग से घिरे घर में दाखिल हुए, तभी एक और धमाका हो गया, जिससे CO को जान बचाने के लिए दौड़ लगानी पड़ी। इसी दौरान घर के नीचे अवैध रूप से रखे गए पेट्रोल-डीजल के ड्रमों में भी धमाका हो गया, जिससे आग और भी विकराल हो गई।

धमाकों के बाद पूरे गाँव में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊँची लपटें दूर-दूर से नजर आने लगीं। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक घर में रखा शादी का सामान, कपड़े की दुकान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विस्फोट का प्राथमिक कारण सिलेंडर लीकेज और घर में अवैध रूप से भरे गए ज्वलनशील पदार्थ माने जा रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
CO अनुज चौधरी ने बताया कि अगर दूसरा विस्फोट कुछ सेकंड पहले होता तो वे भी उसकी चपेट में आ सकते थे। उन्होंने कहा “अंदर फँसे लोगों को निकालने की कोशिश में हम दाखिल ही हुए थे, तभी धमाका हुआ और हम किसी तरह बाहर निकल पाए।"
पुलिस का कहना है कि जाँच जारी है, दोषियों पर जल्द कार्रवाई होगी।
Comments (0)