वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में सर्दी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। तापमान में लगातार गिरावट और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शहर में हल्की तो ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह और रात में घना कोहरा छा रहा है। रात और सुबह के समय कोहरे की मोटी परत के चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई है।

तापमान में गिरावट
पूर्वांचल के प्रमुख जिलों वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, गाजीपुर, गोरखपुर और आजमगढ़ में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। ठंडी हवाओं के कारण दिन के समय भी ठिठुरन महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में पूर्वांचल के वाराणसी, चंदौली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। ऐसे में यहां का तापमान गिरने के आसार हैं।

.jpeg)
खेती पर भी पड़ रहा असर
मौसम की इस स्थिति का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। गेहूं और सरसों की फसलों के लिए यह मौसम लाभकारी माना जा रहा है, लेकिन कोहरे की अधिकता से फसलों पर पाला गिरने का खतरा बढ़ गया है। किसान इस स्थिति से निपटने के लिए फसलों पर सिंचाई और ढकने के उपाय कर रहे हैं।

स्वास्थ्य और यातायात पर प्रभाव
कोहरे और ठंड के कारण बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। बुजुर्गों और बच्चों में सर्दी-जुकाम और बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने और सुबह के समय बाहर जाने से बचने की सलाह दी है।
वहीं, कोहरे के कारण रेलवे और सड़क यातायात पर भी असर पड़ा है। कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जबकि बस और अन्य वाहनों की गति भी धीमी हो गई है।
.jpeg)
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने पूर्वांचल के लोगों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। ठंडी हवाओं और शीतलहर की संभावना के चलते लोगों को गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की अपील की गई है। पूर्वांचल में सर्दी का यह दौर अगले कुछ हफ्तों तक जारी रहने की संभावना है।

Comments (0)