वाराणसी/गोरखपुर। 'साथ जिएंगे साथ मरेंगे...' अभी तक यह केवल फिल्मी गाना लगता होगा, लेकिन वाराणसी के एक दंपति ने इसे सच कर दिखाया है। दसवीं कक्षा से शुरू हुई प्रेम कहानी शादी तक पहुंची और फिर अब मौत तक। पति ने बनारस में फांसी लगाकर जान दे दी तो पत्नी भी गोरखपुर में मायके की छत से कूद गई।
सारनाथ थाना अंतर्गत अटल नगर कॉलोनी के गेस्ट हाउस में पटना के रहने वाले युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पति की आत्महत्या की सूचना पाकर उसकी पत्नी भी मायके की छत से कूद कर पति के वियोग में जान दे दी। रविवार की सुबह सूचना पाकर सारनाथ थाने की पुलिस ने युवक का शव फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवक के कमरे से पुलिस को गांजा, सिगरेट, लाइटर, पर्स और मोबाइल मिला है। परिजनों के अनुसार, युवक ने बेरोजगारी की वजह से अवसादग्रस्त होकर जान दी है।

पटना के बाढ़ के रहने वाले हरीश बगेश (28 वर्ष) ने करीब 2 वर्ष पहले गोरखपुर के कैंट थाना के पार्क रोड की रहने वाली सचिता शरण (28 वर्ष) से लव मैरिज की थी। MBA की पढ़ाई करने के बाद हरीश मुंबई में एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करता था। संचिता की तबीयत खराब होने की वजह से उसने नौकरी छोड़ दी थी और ससुराल में अपने ससुर रामशरण श्रीवास्तव के घर रहने लगा था। सारनाथ थाने की पुलिस को रामशरण ने बताया कि हरीश अपने घर जाने की बात कह कर गोरखपुर से निकला था।
5 जुलाई को एप से बुक किया था कमरा नं. 202
पुलिस की पूछताछ में होम स्टे संचालक ने बताया कि एक ऐप के माध्यम से हरीश ने कमरा नंबर 202 बुक किया था। 5 जुलाई की रात को अपने कमरे में आया था। हरीश के रिश्तेदार पांडेपुर निवासी राजू कुमार रविवार की सुबह होम स्टे में आए और उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर उन्होंने संचालक को सूचना दी। संचालक ने रोशनदान से झांक कर देखा तो हरीश पंखे के हुक से रस्सी के फंदे के सहारे लटका हुआ था।

सूचना पर सारनाथ थाने की पुलिस मौके पर आई और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया। पुलिस को ससुर मनोचिकित्सक डॉ० रामचरण श्रीवास्तव ने बताया कि हरीश बेरोजगारी के कारण अवसाद ग्रस्त रहता था और नशे का भी आदी हो गया था। उधर हरीश की पत्नी संचिता ने भी पति की आत्महत्या की सूचना पाकर अपने मकान की छत से कूद कर जान दे दी।
स्कूलिंग के दौरान दोनों आए थे करीब
परिजनों ने बताया कि हरीश और संचित इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए राजघाट क्षेत्र स्थित एक बोर्डिंग स्कूल में दाखिला लिए थे, वहीं उन दोनों की दोस्ती हुई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद संचिता मॉडलिंग करने लगी थी और हरीश प्राइवेट बैंक में नौकरी करने लगा था। हरीश की आत्महत्या की सूचना पाकर उसके ससुराल के लोग वाराणसी आने की तैयारी कर रहे थे, तब तक संचिता ने जान दे दी। उधर सारनाथ थाने की पुलिस की सूचना पर हरीश के पिता रामस्वामी मालवीय परिजनों के साथ शिवपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों ने बताया कि हरिश अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था, उससे बड़ी एक बहन है।

Comments (0)