वाराणसी में एक बार फिर कोरोना वायरस पांव पसारने लगा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताज़ा मेडिकल बुलेटिन के अनुसार शहर में एक नया कोविड पॉजिटिव मामला सामने आया है, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर पाँच हो गई है। सभी संक्रमितों को आइसोलेशन में रखकर स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, ताज़ा मामला काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के यूरोलॉजी ओटी की एक महिला नर्सिंग ऑफिसर का है। कई दिनों से बुखार और सर्दी-जुकाम की शिकायत के चलते जब उनका कोविड टेस्ट किया गया, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल आइसोलेट कर दिया गया है, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि संक्रमित महिला की ट्रैवल हिस्ट्री की जांच की जा रही है, हालांकि फिलहाल ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है जिससे यह कहा जा सके कि वे हाल ही में कहीं बाहर गई थीं। बीएचयू प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है और संबंधित विभागों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

बुलेटिन के अनुसार, वाराणसी में अब तक कुल पांच लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से चार बीएचयू से जुड़े कर्मचारी हैं। बाकी एक संक्रमित व्यक्ति अन्य स्थान से है, जिसे भी आइसोलेशन में रखा गया है।
डॉ. चौधरी ने बताया कि पॉजिटिव पाए गए सभी व्यक्तियों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी भी जांच कराई जा रही है। बीएचयू परिसर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और संक्रमण की संभावनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त उपायों पर विचार किया जा रहा है।

Comments (0)