चंदौली। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को जिले का दौरा किया, जहां उन्होंने कई विकास कार्यों का निरीक्षण किया और जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान महेवा ट्रामा सेंटर के निर्माण में गड़बड़ी पाए जाने पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने कार्यदायी संस्था को ब्लैकलिस्ट करने और सरकारी धन की रिकवरी कराने का आदेश दिया।


महेवा ट्रामा सेंटर निर्माण में खामियां


डिप्टी सीएम ने महेवा ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया, जहां निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और गुणवत्ता की कमी पाई गई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव को संस्था को ब्लैकलिस्टेड करने और धन की वसूली के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के पैसे की बर्बादी बर्दाश्त नहीं करेगी।

 


गौशाला का निरीक्षण और दिशा-निर्देश


ट्रामा सेंटर के बाद डिप्टी सीएम ने कठौरी स्थित गौआश्रय केंद्र का दौरा किया। वहां रखे गए गौवंश की स्थिति और चारे-पानी की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का पालन हर हाल में होना चाहिए।


स्कूली बच्चों से संवाद


डिप्टी सीएम ने बसनी प्राइमरी स्कूल का दौरा कर बच्चों से बातचीत की और शिक्षा की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय में सुविधाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

 

लाभार्थियों से मुलाकात


डिप्टी सीएम ने नेहरू नगर वार्ड में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से बातचीत की। लाभार्थियों ने पक्के मकान मिलने पर सरकार का आभार जताया। साथ ही उन्होंने बिजली बिल, रोजगार, और अन्य समस्याओं पर चर्चा की।

 


स्वास्थ्य विभाग की शिकायतों पर कार्रवाई


कलेक्ट्रेट में डिप्टी सीएम से कई फरियादियों ने मुलाकात की। हिनौता जगदीश सराय के अखिलेश गिरी ने जिला अस्पताल की एक महिला चिकित्सक पर प्रसव के दौरान बाहर की दवा लिखने और लापरवाही का आरोप लगाया। डिप्टी सीएम ने इस मामले को गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिए।


भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश


भाजपा कार्यालय में डिप्टी सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां केवल परिवारवाद को बढ़ावा देती हैं और जनकल्याण से उनका कोई लेना-देना नहीं है।


डिप्टी सीएम ने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार खाद-बीज की किल्लत को दूर करने और किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान विधायक रमेश जायसवाल, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, और अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।