वाराणसी। भागवत कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने बांग्लादेश में हो रही हिंसा को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखा है। उन्होंने अगस्त से जारी हमलों, आगजनी और महिलाओं-बच्चों पर हो रहे अत्याचारों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। ठाकुर ने पत्र में सवाल किया कि जब बच्चों, महिलाओं और पूजा स्थलों तक की सुरक्षा नहीं है, तो संयुक्त राष्ट्र किसकी प्रतीक्षा में अब तक मौन है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस हिंसा के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। ठाकुर ने UN से तुरंत हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की।

भारतीय संस्कृति को बॉलीवुड ने नाश किया: देवकीनंदन
कथा के दौरान देवकीनंदन ठाकुर ने भारतीय संस्कृति पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बॉलीवुड ने सनातन संस्कृति को नष्ट करने में बड़ी भूमिका निभाई है। हालांकि, उन्होंने साबरमती एक्सप्रेस फिल्म देखने की सिफारिश करते हुए कहा कि यह गोधरा कांड की सच्चाई को दिखाती है। उन्होंने संत की परिभाषा पर जोर देते हुए कहा कि केवल भगवा वस्त्र पहनने से कोई संत नहीं बनता, बल्कि सच्चा संत वही है जो दूसरों के दुख में करुणा रखता हो।

सनातन बोर्ड की मांग पर जोर
देवकीनंदन ठाकुर ने सनातन धर्म के संरक्षण के लिए सनातन बोर्ड की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बनारस के यूपी कॉलेज का उदाहरण दिया, जिसे 115 साल पुराना होने के बावजूद वक्फ बोर्ड द्वारा नोटिस दिया गया। ठाकुर ने चेतावनी दी कि अगर ऐसा जारी रहा, तो भविष्य में विश्वनाथ मंदिर जैसे पवित्र स्थलों पर भी दावे किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि काशीवासियों और सनातनियों को इस मुद्दे पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।

काशीवासियों से अपील
ठाकुर ने काशीवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पहुंच सीधे प्रधानमंत्री तक है, और इसलिए सनातन बोर्ड की मांग को पूरा करने की दिशा में उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने काशी की धार्मिक महिमा और सनातन परंपराओं को बनाए रखने के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
Comments (0)