वाराणसी। वाराणसी के साइबर क्राइम थाना और बड़ागांव थाने की पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर गैंग का पर्दाफाश किया है, जो डिजिटल हाउस अरेस्टिंग और इन्वेस्टमेंट स्कैम के जरिए भोले-भाले लोगों को ठगने में संलिप्त था। इस संगठित गिरोह के चार प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, पासबुक और नकद राशि बरामद की गई है। इस मामले का खुलासा डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने किया।
वाराणसी के युवक ने दर्ज कराई थी शिकायत
साइबर क्राइम थाने में दर्ज एक शिकायत के अनुसार, वाराणसी के हरहुआ के निवासी विशाल सिंह ने पुलिस को सूचित किया कि उन्हें बिजनेस इन्वेस्टमेंट के नाम पर झांसा देकर इस गैंग ने विभिन्न बैंकों में उनके नाम से खाते खुलवा लिए। इन खातों में बड़े पैमाने पर संदिग्ध लेन-देन हो रहे थे, जिससे विशाल को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस से संपर्क किया, और शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की, जिसकी निगरानी पुलिस निरीक्षक विजय नारायण मिश्र कर रहे थे।

अंतरराष्ट्रीय रैकेट का भंडाफोड़
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट्स का उपयोग किया, जिससे पता चला कि यह गैंग न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सक्रिय था। गिरोह का नेतृत्व पाटलिया दिशांत किरीटभाई कर रहा था, जो गुजरात के जामनगर का निवासी है और दुबई में बैठे एक बड़े ठग राकेश के साथ काम करता था। दिशांत ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह दुबई में बैठे इस डिजिटल हाउस अरेस्टिंग और इन्वेस्टमेंट स्कैम के सरगना के संपर्क में था, और उसने दुबई में राकेश से कई बार मुलाकात भी की थी। इस संगठित गिरोह का दूसरा मुख्य सदस्य दीपक दिनेश भाई जोगिया भी जामनगर से है, जो भारत में दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न बैंक खाते खुलवाने में दिशांत की सहायता करता था।
टीम गठित कर पुलिस ने दबोचा
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के स्थानीय सदस्यों को भी चिन्हित किया, जो वाराणसी और भदोही से थे। इनमें सत्यम मिश्रा, निवासी वाराणसी, और नितिन पांडेय निवासी भदोही, शामिल थे। दिशांत और दीपक के माध्यम से ही ये दोनों स्थानीय व्यक्ति भारत के विभिन्न राज्यों में अपनी टीम का विस्तार कर रहे थे। पुलिस ने सटीक योजना के तहत एक ऑपरेशन चलाया और सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गैंग का अपराध करने का तरीका
इस गैंग का अपराध करने का तरीका बहुत ही संगठित और पेचीदा था। दुबई में बैठे ठग राकेश से निर्देश लेकर यह गिरोह भारत में हाई-प्रोफाइल खातों को खंगालता था, जिनमें बड़ी सीमा की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अंतरराष्ट्रीय डेबिट कार्ड की सुविधा होती। फिर, इन्हें अंतरराष्ट्रीय सक्रिय एटीएम कार्ड और बैंक खातों के साथ दुबई में सक्रिय राकेश के पास भेज दिया जाता था। यहां से राकेश डिजिटल हाउस अरेस्टिंग और इन्वेस्टमेंट स्कैम जैसे अपराधों को अंजाम देता और पैसे ट्रांसफर करवाता था।
.jpeg)
भारत में यह गैंग विभिन्न राज्यों और शहरों में जाकर स्थानीय लोगों को बिजनेस इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर खातों में निवेश कराने का बहाना बनाता था। फिर इन खातों को इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और सिम कार्ड के माध्यम से दुबई में उपलब्ध कराया जाता था। इन बैंक खातों में आने वाले साइबर अपराध के पैसों का 30% कमीशन इस गैंग को प्राप्त होता था। इस रकम को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य रूप से पाटलिया दिशांत किरीटभाई (32 वर्ष), जामनगर, गुजरात का निवासी और इस गैंग का सरगना है। दूसरा साथी दीपक दिनेश भाई जोगिया (32 वर्ष) भी जामनगर से है, जो इस पूरी ठगी की योजना को अमल में लाने में दिशांत का सहयोगी था। इनके साथ वाराणसी का सत्यम मिश्रा और भदोही का नितिन पांडेय भी इस अपराध में शामिल थे। पुलिस की टीम ने इन सभी को गिरफ्तार कर इनके पास से 6 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 आईओएस मोबाइल, 1 की-पैड मोबाइल, 20 एटीएम कार्ड, 10 सिम कार्ड, 6 सिम कार्ड रैपर, 14 बैंक पासबुक, और 6,070 रुपये नकद बरामद किए हैं।

Comments (0)