लखनऊ। आजमगढ़ के पूर्व सांसद एवं वर्तमान में फूलपुर पवई सीट से सपा विधायक रमाकांत यादव व उनके भाई पूर्व सांसद उमाकांत यादव प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निशाने पर हैं। राजधानी स्थित ED के जोनल कार्यालय ने आजमगढ़ पुलिस से दोनों भाइयों और उमाकांत के बेटे रविकांत की भी हिस्ट्रीशीट मांगी है। तीनों के खिलाफ मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा।
ED ने लगभग 10 दिन पहले आजमगढ़ के एसपी को पत्र लिखकर दोनों भाइयों पर दर्ज मुकदमों और संपत्तियों की जानकारी मांगी थी। पुलिस से जवाब नहीं मिलने पर ED दोबारा पत्र भेजने की तैयारी में है। इसके बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचित कर जल्द रिकॉर्ड मुहैया कराने को कहा जाएगा।
चार दशक पुराना है आपराधिक इतिहास
रमाकांत व उमाकांत का आपराधिक इतिहास लगभग चार दशक पुराना है। दोनों वर्तमान में जेल में बंद है। रमाकांत पर 54 व उमाकांत पर 36 मुकदमे दर्ज हैं। उमाकांत समेत 7 लोगों को 2 वर्ष पूर्व जीआरपी सिपाही हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। खुटहन से तीन बार विधायक व मछली शहर से एक बार सांसद रहे उमाकांत पर वर्ष 1977 में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। उस पर धोखाधड़ी, लूट, हत्या लोकसंपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

उमाकांत सपा व बसपा में रह चुके हैं। चार बार सांसद व छह बार विधायक बन चुके रमाकांत पर हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर जैसे तमाम संगीत अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। दोनों भाइयों पर सरकारी व निजी संपत्तियों को हड़पने के भी आरोप हैं। 2 वर्ष पहले आजमगढ़ में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत के मामले में भी रमाकांत को आरोपी बनाया गया था। वह भाजपा और सपा से जनप्रतिनिधि चुने जाते रहे हैं।

Comments (0)