वाराणसी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बीएसजी (BSG) नामक फर्जी क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना सहित तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, पेन ड्राइव और करीब 98 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह गिरोह देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय था और मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) की आड़ में आम लोगों को करोड़ों का चूना लगा चुका है।
इस मामले में रामपुर, थाना रामनगर (वाराणसी) निवासी राजकुमार गोंड ने 14 मई 2025 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि बीएसजी नामक एक फर्जी क्रिप्टो टोकन के नाम पर उनके और उनके साथियों से कुल 16.5 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। इस पर थाना साइबर क्राइम कमिश्नरेट वाराणसी में आठ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 48/2024, धारा 406, 420, 120बी आईपीसी व आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना का जिम्मा निरीक्षक राजकिशोर पाण्डेय को सौंपा गया।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और डीसीपी अपराध सरवणन टी के निर्देशन में तथा एडीसीपी श्रुति श्रीवास्तव और एसीपी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सोनभद्र, लखनऊ और मुजफ्फरनगर में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर लंबे समय तक पतारसी-सुरागरसी की और अंततः तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजकुमार मौर्या (28), अर्जुन शर्मा (34) और दानिश खान (24) के रूप में हुई है। ये सभी तकनीक के जानकार हैं और लोगों को जल्दी पैसा कमाने का लालच देकर अपने जाल में फंसा लेते थे। इनके कब्जे से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन (लगभग 4 लाख रुपये मूल्य), दो लैपटॉप (1.5 लाख रुपये मूल्य), एक पेन ड्राइव और 98,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले busdglobal.com और www.mbsgworld.com जैसी फर्जी वेबसाइट्स तैयार करवाईं और उसके जरिये एक नकली क्रिप्टो टोकन "BSG" बनवाया। इस टोकन को वेंडेक्स एक्सचेंज पर लिस्ट करवा कर MLM की तर्ज पर लोगों से पैसा निवेश करवाया गया। प्रारंभ में निवेशकों को अधिक मुनाफा और बोनस देकर उनका विश्वास जीत लिया गया। लेकिन जब निवेश की राशि बड़ी हो गई, तो इन लोगों ने BSG टोकन को एक्सचेंज से डी-लिस्ट कर दिया और करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व में भी एक आरोपी शुभम उर्फ विशाल मौर्या को गिरफ्तार किया था, जो मिर्जापुर का निवासी है। वर्तमान में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजकुमार मौर्या के खिलाफ एक और गंभीर मुकदमा जनपद सम्भल के थाना चंदौसी में दर्ज है, जिसमें उस पर धारा 328, 376, 506 और 120बी के तहत संगीन आरोप लगे हैं।
Comments (0)