वाराणसी में दीपावली के अवसर पर फूलों का बाजार जबरदस्त उछाल पर रहा। बनारस के बांसफाटक और मलदहिया स्थित फूलमंडी से पूर्वांचल समेत नेपाल तक सप्लाई गई। त्योहारों के मद्देनजर फूल विक्रेताओं में अत्यंत उत्साह रहा। सुबह से ही विक्रेता मंडियों में अपनी दुकानें लगाए रहे, जो देर रात तक टिके रहे। रात 9 बजे के बाद बिक्री में थोड़ी कमी आई। हालांकि बावजूद इसके एक दो की संख्या में ग्राहक आते रहे। 


इस वर्ष विशेष रूप से गेंदा, गुलाब, कमल, चंपा, रातरानी, और तुलसी के फूलों की मांग में भारी वृद्धि हुई। हालांकि इन सब में सबसे ज्यादा डिमांड गेंदा और गुलाब के फूलों की रही। व्यापारियों का अनुमान था कि इस बार बाजार में करीब 200 करोड़ रुपये का व्यापार होगा। 


गेंदा और गुलाब की सबसे अधिक मांग


वाराणसी की फूल मंडी में दीपावली पर गेंदा के फूल सबसे अधिक खरीदे गए। लोगों ने विशेष रूप से मंदिरों, घरों के मुख्य द्वारों, और कार्यस्थलों की सजावट के लिए गेंदा के फूलों का उपयोग किया। गुलाब की माला भी पूजा स्थलों और घरों की सजावट के लिए काफी लोकप्रिय रही। 


कमल और तुलसी की डिमांड में भी बढ़ोतरी


फूल विक्रेता मलदहिया के व्यापारी मुकेश के अनुसार, हर साल गेंदा और गुलाब की मांग अन्य फूलों से अधिक रहती है। इस वर्ष दीपावली पर पूजा के लिए कमल के फूलों की मांग भी काफी बढ़ गई । वाराणसी की फूल मंडी से पूर्वांचल के विभिन्न राज्यों और नेपाल तक फूलों की आपूर्ति की गई।

 

बढ़े हुए दामों से फुटकर विक्रेताओं में खुशी


दीपावली के दौरान फूलों की बढ़ती मांग के कारण इस बार फूलों और मालाओं की कीमतें भी दो से तीन गुना तक बढ़ गई। जहां पहले गेंदा की माला 5-50 रुपये में बिकती थी, वहीं अब यह 15-100 रुपये तक बिकी। गुलाब की कीमत में भी उछाल आया है, जो अब 50 के बजाय 100 रुपये प्रति माला बिका।


फूल विक्रेताओं की बिक्री में इजाफा


मलदहिया पर फूलों की फुटकर दुकान चलाने वाले प्रकाश का कहना है कि दीपावली के दिन भी लोग जमकर फूलों और मालाओं की खरीदारी करने में जुटे रहे, जिससे व्यापार में काफी लाभ हुआ। उन्होंने बताया कि फूलों की इतनी अधिक मांग है कि वे सभी ग्राहकों को आपूर्ति भी नहीं कर पा रहे हैं। इसके साथ ही आम-अशोक के पत्ते और तुलसी की डिमांड भी तेजी से बढ़ी है, जिसका उपयोग लोग घरों, दुकानों, और कार्यालयों की सजावट में कर रहे हैं।