गाजियाबाद। मसूरी क्षेत्र की जाफर कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छह वर्षीय मासूम का अपहरण कर लिया गया। आरोपी ने इस वारदात के लिए बेहद सुनियोजित तरीके से पहले खुद को मासूमों के बीच लोकप्रिय बनाया। उसने सात दिन पहले ही इलाके में आइसक्रीम का ठेला लगाना शुरू किया था और बच्चों को फ्री में आइसक्रीम देकर उनका विश्वास जीत रहा था। मंगलवार को वह इसी भरोसे का फायदा उठाकर इब्राहिम नामक बालक को अपने साथ ले गया।

मस्जिद से लौटते समय गायब हुआ बच्चा
पीड़ित परिवार के अनुसार, इब्राहिम स्कूल से लौटने के बाद पास की मस्जिद में उर्दू की कक्षा में गया था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। आसपास पूछताछ करने पर पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने बच्चे को एक आइसक्रीम बेचने वाले युवक के साथ जाते देखा था।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
पुलिस जांच के दौरान एक अहम सुराग सामने आया। एक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी ठेले पर पीछे की ओर बच्चे को खड़ा कर ले जाता दिखाई दे रहा है। बाद में आइसक्रीम फैक्ट्री के पास मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी पहले बच्चे को ठेले से उतार कर बाहर बैठाता है और फिर ठेला खड़ा करने के बाद उसे अंदर ले जाता है।

फर्जी पहचान, बिना आईडी के ली थी आइसक्रीम सप्लाई
पुलिस जब उस फैक्ट्री तक पहुंची, जहां से आरोपी को आइसक्रीम मिलती थी, तो पता चला कि उसने सात दिन पहले ही काम शुरू किया था और अपनी कोई भी पहचान संबंधित दस्तावेज जमा नहीं किए थे। पूछताछ में फैक्ट्री संचालक ने बताया कि आरोपी को किसी स्थानीय व्यक्ति की सिफारिश पर ठेला दिया गया था। पुलिस ने उसी व्यक्ति की मदद से हापुड़ के पिपलेड़ा गांव स्थित आरोपी अफजाल के घर का पता लगाया, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
पुलिस ने अफजाल के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसका कहना है कि अफजाल कभी-कभी ही घर आता है और मंगलवार से अब तक उसका कोई पता नहीं चला है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पहले भी कर चुका है अपहरण, भीख मंगवाने का आरोप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अफजाल इससे पहले भी एक सैनिक के बच्चे का अपहरण कर चुका है और उससे जबरन भीख मंगवाता था। उस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि, पुलिस इस दावे की फिलहाल पुष्टि नहीं कर रही है लेकिन आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है।
पुलिस की सक्रियता, तलाश तेज
सहायक पुलिस आयुक्त लिपि नागयाच ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश तेजी से की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
Comments (0)