वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के मालवीय ब्रिज (राजघाट पुल) पर एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें एफ्को इंफ्राटेक कंपनी में काम करने वाले एक व्यक्ति से तीन ठगों ने 7 लाख रुपये की ठगी की। ठगों ने अयोध्या में खुदाई के दौरान सोने के सिक्के मिलने का झांसा देकर पीड़ित को एक किलो नकली सोने के सिक्के थमा दिए और मौके से फरार हो गए।


पीड़ित प्रदीप कुमार कुशीनगर के रहने वाले हैं और वर्तमान में जलीलपुर चौकी, थाना मुगलसराय क्षेत्र में रहकर काम करते हैं। उन्होंने जमीन खरीदने के लिए HDFC बैंक से 7 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था।

 


प्रदीप ने बताया कि 12 फरवरी की दोपहर एक व्यक्ति ने खुद को "प्रजापति" नाम से परिचित कराया। उसने कहा कि उसकी मां गंभीर रूप से बीमार है और उसके पास इलाज कराने के लिए पैसे नहीं हैं। उसने दावा किया कि अयोध्या में काम करने के दौरान खुदाई में उसे सोने के सिक्के मिले हैं और इलाज व खेत छुड़ाने के लिए वह उन्हें बेचने को मजबूर है।


प्रदीप पहले तो झिझके, लेकिन सस्ते में सोना पाने के लालच में आकर आखिरकार 14 फरवरी को उस व्यक्ति से मिलने राजघाट पुल (काशी रेलवे ब्रिज) पहुंचे। वहां प्रजापति के साथ एक युवक और एक महिला भी मौजूद थे। तीनों ने मिलकर प्रदीप से 7 लाख रुपये नकद लेकर एक किलो के नकली सोने के सिक्के दे दिए और मौके से गायब हो गए।


शक होने पर प्रदीप उसी सुबह तनिष्क शोरूम पहुंचे और सिक्कों की जांच कराई, जहां पता चला कि सभी सिक्के नकली हैं। यह सुनते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने सबसे पहले मुगलसराय थाने में शिकायत की, लेकिन वहां के इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह ने यह कहकर टाल दिया कि घटना आदमपुर क्षेत्र की है, वहां शिकायत करो।

 


प्रदीप आदमपुर थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी पुलिस ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और डांटकर भगा दिया। इस तरह वह डेढ़ महीने तक थानों के चक्कर लगाते रहे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।


आखिरकार उन्होंने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रार्थना पत्र देकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद कमिश्नर के निर्देश पर आदमपुर पुलिस हरकत में आई और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और 318(4) के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।