वाराणसी। ज्ञानवापी मामले में अखिलेश यादव और असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ FIR दर्ज करने की याचिका पर सोमवार को निर्णय टल गया। वाराणसी के अपर जिला जज (नवम) विनोद कुमार सिंह की अदालत ने वकील की आपत्ति के बाद अगली सुनवाई के लिए 3 सितंबर की तारीख तय की है। अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय ने अपने तर्क प्रस्तुत करने के लिए एक दिन का अतिरिक्त समय मांगा।

 


पिछली सुनवाई पर अदालत ने अपना निर्णय सुरक्षित रखा था। सोमवार को दोनों पक्षों के वकील अदालत में उपस्थित हुए, हालांकि अखिलेश यादव और ओवैसी व्यक्तिगत रूप से हाजिर नहीं हुए। उनके जवाब उनके वकीलों के माध्यम से पहले ही दाखिल किए जा चुके हैं।


पिछली बहस में, दोनों पक्षों के वकीलों ने कहा था कि अखिलेश और ओवैसी के बयानों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और इस मुद्दे को धार्मिक रंग देकर भड़काने की कोशिश की जा रही है। वकीलों ने इन आरोपों को निराधार बताया।

 


अखिलेश यादव के वकील अनुज यादव और ओवैसी के वकील श्रीनाथ त्रिपाठी ने इस मामले को राजनीति से प्रेरित बताया। ओवैसी के पक्ष से वकील एहतेशाम आब्दी और शहनवाज परवेज, और ज्ञानवापी की इंतजामिया कमेटी के बयान के बाद अदालत ने अपना निर्णय सुरक्षित रखा।