वाराणसी। वाराणसी जिला जज कोर्ट में श्रृंगार गौरी और ज्ञानवापी परिसर से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी। इस दौरान व्यास तहखाने की मरम्मत और मुस्लिम नमाजियों को तहखाने की छत पर जाने से रोकने की मांग पर बहस होगी। हिंदू पक्ष के वकील इन मुद्दों पर दलील देंगे। कई याचिकाओं पर विचार होने की संभावना है, और जिला जज किसी भी मामले में महत्वपूर्ण निर्णय दे सकते हैं।

इसके अतिरिक्त, जिला एवं सत्र न्यायालय में श्रृंगार गौरी के दर्शन और पूजा से जुड़े मुख्य मामले सहित ज्ञानवापी से जुड़े सात अन्य मामलों पर भी सुनवाई होगी। नए जिला जज के पदभार ग्रहण के बाद से कोई सुनवाई नहीं हो पाई है, लेकिन वकील पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होंगे। इस मामले में पांच महिला याचिकाकर्ता ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में श्रृंगार गौरी और अन्य देवताओं की पूजा की अनुमति देने की मांग कर रही हैं।

रेखा पाठक, मंजू व्यास, लक्ष्मी देवी और सीता साहू ने जिला जज की अदालत में आवेदन देकर 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर मूल वाद को स्थानांतरित कर श्रृंगार गौरी के मूल वाद की एक साथ सुनवाई की अपील की है।
Comments (0)