वाराणसी। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के विधि विभाग में व्याप्त अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ छात्रों का आंदोलन मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। कॉलेज परिसर में चल रहा यह अनिश्चितकालीन धरना शांतिपूर्वक हो रहा है, हालांकि समय-समय पर छात्रों द्वारा नारेबाजी भी की जा रही है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से अनदेखी की जा रही हैं, जिससे वे अब मजबूरी में सड़क पर उतरने को विवश हुए हैं।

 


धरने पर बैठे छात्रों की मुख्य मांगों में विधि छात्रों के लिए मुट कोर्ट की स्थापना, कंप्यूटर लैब की सुविधा और छात्राओं के लिए कॉमन रूम का निर्माण शामिल है। उनका कहना है कि विधि विभाग में मूलभूत ढांचागत सुविधाओं का घोर अभाव है और इस विषय में बार-बार प्रशासन से शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

 


उपाधि वितरण पर उठे सवाल


छात्रों का एक बड़ा आरोप यह भी है कि कॉलेज प्रशासन पिछले कई वर्षों से उपाधि शुल्क तो वसूल रहा है, लेकिन 2009-10 के सत्र से अब तक किसी भी छात्र को डिग्री नहीं दी गई है। उनका कहना है कि यह न सिर्फ आर्थिक शोषण है बल्कि एक तरह का गबन भी प्रतीत होता है। इस मामले में पारदर्शिता की पूर्णतः कमी है, जिससे छात्रों में रोष व्याप्त है।

 


भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़


छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की उदासीनता से उनकी पढ़ाई और करियर दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मानकों के अनुरूप विधि की कक्षाएं नहीं चलाई जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों को प्रशासन द्वारा गंभीरता से नहीं लिया जाएगा, धरना जारी रहेगा।

 


छात्र नेताओं का मिला समर्थन


इस आंदोलन को छात्रों के साथ-साथ विभिन्न छात्र संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। धरने में कई प्रमुख छात्र नेता जैसे पूर्व छात्रसंघ महामंत्री देव, युवा संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र पांडे, प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पांडे और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष खुशबू सिंह शामिल हुए।


शैलेंद्र पांडे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी छात्र राजनीति की शुरुआत भी ऐसे ही संघर्षों से हुई थी, और वे आज भी छात्रों के हक की लड़ाई में उनके साथ हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और छात्रों की मांगें पूरी करवा कर रहेंगे।


संघर्ष के लिए तैयार छात्र


धरने पर डटे छात्रों ने स्पष्ट किया है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि कॉलेज प्रशासन को अगर इस आंदोलन को खत्म करवाना है, तो उसे ईमानदारी से सभी मांगों पर विचार करना होगा और अविलंब समाधान प्रस्तुत करना होगा।