लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना जैसे वायरस ह्यूमन मेटापनेउमोवायरस (HMPV) का पहला मामला सामने आया है। लखनऊ की एक 60 वर्षीय महिला में इस वायरस की पुष्टि हुई है। बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. सुशील चौधरी ने इसकी जानकारी दी। यह भारत में HMPV का नौवां मामला है।


महिला को सांस लेने में तकलीफ और बुखार की शिकायत


मरीज को बुधवार को केजीएमयू (किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) में भर्ती कराया गया था। उसे बुखार और सांस फूलने की शिकायत थी। प्राथमिक इलाज के बाद महिला को बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 


बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. सुशील चौधरी ने बताया कि महिला को रात 11 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसके स्वैब सैंपल को जांच के लिए एक निजी लैब में भेजा गया, जहां HMPV पॉजिटिव की रिपोर्ट आई। मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।


देश में HMPV के कुल नौ मामले


HMPV के अब तक देशभर में कुल 9 मामले सामने आ चुके हैं:


•    कर्नाटक: 2 मामले
•    नागपुर (महाराष्ट्र): 2 मामले
•    तमिलनाडु: 2 मामले
•    पश्चिम बंगाल और गुजरात: 1-1 मामला


लखनऊ में पाया गया यह नया मामला उत्तर प्रदेश का पहला केस है।

 


स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर


केंद्र सरकार ने राज्यों को 'इंफ्लूएंजा लाइक इलनेस' और 'सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इश्यूज' जैसी सांस की बीमारियों पर निगरानी बढ़ाने और HMPV के बारे में जागरूकता फैलाने की सलाह दी है। इसके साथ ही एक एडवाइजरी भी जारी की गई है।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी HMPV को लेकर दो दिन पहले एक बैठक की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए तैयारी करने के निर्देश दिए।


HMPV: क्या है यह वायरस?


HMPV (ह्यूमन मेटापनेउमोवायरस) एक सांस की बीमारी है, जो सर्दी-जुकाम जैसे लक्षणों के साथ शुरू होती है। यह वायरस श्वसन तंत्र को प्रभावित करता है और गंभीर मामलों में निमोनिया जैसी स्थिति पैदा कर सकता है।


चीन में HMPV के मामलों में तेजी से वृद्धि के बीच, वहां इमरजेंसी जैसी स्थिति बन गई थी। हालांकि, भारत सरकार ने 4 जनवरी को जॉइंट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में कहा था कि सर्दी के मौसम में फ्लू जैसी स्थिति असामान्य नहीं है। सरकार ने यह भी आश्वासन दिया कि HMPV से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं।