चंदौली। बलुआ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 48 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी राकेश सिंह यादव को सुरतापुर काली मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े, और शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, राकेश सिंह ने पूछताछ में मुन्ना यादव की हत्या करने की बात स्वीकार की।

एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बलुआ थाना क्षेत्र में मुन्ना यादव की हत्या आरोपी राकेश सिंह यादव ने आपसी रंजिश और व्यक्तिगत कारणों से की। आरोपी ने बताया कि उसने लगभग डेढ़ महीने पहले मुन्ना यादव को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इसके बाद उसने कई बार अपनी पत्नी और मुन्ना को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के संबंध जारी रहे।

इस बीच, मुन्ना यादव की पत्नी के चहनियाँ के एक अस्पताल में बेटी के जन्म की खबर ने आरोपी को और उत्तेजित कर दिया। उसने बदला लेने का फैसला कर लिया।
राकेश ने मुन्ना को बेटी के जन्म की बधाई देने और विवाद खत्म करने के बहाने पार्टी का निमंत्रण दिया। उसने पहले से ही एक धारदार चाकू खरीदकर अपनी मोटरसाइकिल में रखा। शाम को दोनों ने शराब ठेके से शराब खरीदी और बंशीपुर नहर पुलिया पर पहुंचे।
राकेश ने अपने पेग में कम और मुन्ना के पेग में ज्यादा शराब मिलाकर उसे मदहोश कर दिया। मौके का फायदा उठाकर उसने मोटरसाइकिल की डिग्गी से चाकू निकाला और नशे में धुत मुन्ना के पेट और गले पर कई बार वार किया। हत्या सुनिश्चित करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुरतापुर काली मंदिर के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया। इस दौरान बलुआ थाना प्रभारी आशीष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने सफलता हासिल की।

Comments (0)