देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक्टिव कोविड-19 केस की संख्या 3961 तक पहुंच गई है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे फिलहाल गंभीर स्थिति नहीं माना है और लोगों को केवल सतर्कता और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी है।


केरल बना हॉटस्पॉट, महाराष्ट्र और दिल्ली भी प्रभावित


स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 2 जून की सुबह 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, देश में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित मरीज केरल में पाए गए हैं, जहां कुल 1435 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र का नंबर आता है, जहां मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहीं, दिल्ली में एक 22 वर्षीय युवती की संक्रमण के चलते मौत की पुष्टि हुई है, जिससे राजधानी में चिंता का माहौल है।


बीते 24 घंटे में छह लोगों की मौत


बीते एक दिन में कोरोना संक्रमण से देश में छह मरीजों की मृत्यु हुई है। दिल्ली में जिन युवती की मौत हुई, वह पहले से ही टीबी से ग्रस्त थी और लंबे समय से खांसी की बीमारी से पीड़ित थी। कोरोना संक्रमण के बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी।


दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगी कोविड टेस्टिंग पर रिपोर्ट


दिल्ली हाईकोर्ट ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार से पूछा है कि सैंपल लेने, उन्हें स्टोर करने और लैब तक पहुंचाने की प्रक्रिया कैसे अपनाई जा रही है। अदालत ने सरकार को इस संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही कोर्ट ने कहा कि भविष्य में किसी भी कोविड लहर से निपटने के लिए एक ठोस एसओपी (Standard Operating Procedure) तैयार किया जाए।

 


फरीदाबाद और रांची में नए केसों की पुष्टि


हरियाणा के फरीदाबाद जिले में 5 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिससे जिले में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। इसी तरह झारखंड की राजधानी रांची में लगातार पांच दिनों से रोजाना एक-एक नया मामला सामने आ रहा है। अब राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 5 हो गई है।


दिल्ली के अस्पतालों ने शुरू की तैयारी


दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में कोरोना के संभावित विस्तार को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारी की जा रही है। अस्पताल के कोविड नोडल अधिकारी डॉ. पवन ने जानकारी दी कि 9 बेड का विशेष कोविड वार्ड तैयार किया गया है। साथ ही दवाओं और आवश्यक मेडिकल संसाधनों को भी स्टॉक कर लिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

 


सरकार ने किया जागरूकता पर जोर


स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनें, हाथ धोते रहें और अगर सर्दी-जुकाम या बुखार के लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं। विभाग का मानना है कि सतर्कता और प्रारंभिक कदमों से संक्रमण की रफ्तार को रोका जा सकता है।