पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत द्वारा अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान के आतंकी ढांचे को झकझोर दिया है। इस जबाबी कार्रवाई से तिलमिलाया पाकिस्तान अब नियंत्रण रेखा (LOC) पर संघर्षविराम की मर्यादा तोड़ते हुए बार-बार आग उगल रहा है। 8 और 9 मई की रात और सुबह के दौरान पाकिस्तान की ओर से की गई मिसाइल, ड्रोन और फाइटर जेट हमलों की कोशिशें भारतीय सेना ने सतर्कता और तकनीकी दक्षता से नाकाम कर दीं।

 


भारतीय सेना के मुताबिक, पाकिस्तान ने उत्तर और पश्चिम भारत के 15 प्रमुख शहरों और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते हुए एक समन्वित हवाई हमला करने की योजना बनाई थी। इन शहरों में अमृतसर, पठानकोट, जम्मू और गुजरात का भुज प्रमुख रूप से शामिल थे। वहीं, ड्रोन के ज़रिए उधमपुर, सांबा, नगरोटा, अखनूर और जम्मू क्षेत्र को भी नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया गया।


भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने इन सभी प्रयासों को हवा में ही विफल कर दिया। सेना की L-70 गन, ZU-23 एमएम तोप, शिल्का सिस्टम और अत्याधुनिक काउंटर-यूएएस उपकरणों ने पाकिस्तान के 50 से अधिक ड्रोन को मार गिराया, जबकि तीन लड़ाकू विमानों को भी वापस लौटने पर मजबूर कर दिया गया।

 


इसके साथ ही, पाकिस्तान की सेना ने कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी जैसे संवेदनशील सेक्टरों में मोर्टार और हैवी आर्टिलरी से LOC पर भारी गोलीबारी की। मगर भारतीय सेना ने इन हरकतों का करारा जवाब दिया और पाकिस्तान की आक्रामकता को सीमा पर ही रोक दिया।


सेना के एक प्रवक्ता ने बताया, “8 मई की रात से लगातार पाकिस्तान द्वारा उकसाने की कोशिशें हो रही हैं। हमारी बहुस्तरीय रक्षा प्रणाली ने समय रहते खतरे की पहचान की और उनका जवाब दिया। न तो किसी सैनिक को नुकसान हुआ है, न ही नागरिकों या सैन्य ठिकानों को। देश की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं होगा।”


सूत्रों की मानें तो भारत की उन्नत वायु सुरक्षा प्रणाली — जिसमें स्वदेशी आकाश मिसाइल डिफेंस, एडवांस रडार सिस्टम और रूस से प्राप्त S-400 ‘सुदर्शन कवच’ शामिल है — ने इस पूरे ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। S-400 की थर्मल इमेजिंग और उच्च रिज़ॉल्यूशन निगरानी क्षमताओं ने पाकिस्तान के हर कदम को पहले ही पकड़ लिया और उसे विफल कर दिया।


इसके साथ ही सीमा सुरक्षा बल (BSF) और अन्य एजेंसियों ने पाकिस्तान की ओर से की जा रही घुसपैठ की साजिशों को भी समय रहते निष्फल कर दिया।


भारत ने इस आक्रामकता का जवाब सिर्फ रक्षा में नहीं, बल्कि हमलावर नीति के तहत भी दिया है। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के भीतर स्थित कुछ सैन्य ठिकानों को सफलतापूर्वक टारगेट किया है। इन लक्ष्यों में दुश्मन के वायु रक्षा रडार स्टेशन और रसद आपूर्ति केंद्र (लॉजिस्टिक बेस) शामिल थे। यह कार्रवाई "समान क्षेत्र और समान तीव्रता" की रणनीति के तहत की गई थी — यानी पाकिस्तान ने जितनी गहराई और आक्रामकता से हमला किया, उतनी ही ताकत से उसे जवाब मिला।

 


इस पूरी घटना का निष्कर्ष यही है कि पाकिस्तान की हमलावर नीति न केवल असफल रही, बल्कि उसे भारी नुकसान भी उठाना पड़ा। उसकी मिसाइलें लक्ष्य तक पहुँचने से पहले ही निष्क्रिय कर दी गईं और ड्रोन हवा में ही नष्ट हो गए। दूसरी ओर, भारत की जवाबी कार्रवाई सटीक और उद्देश्यपूर्ण रही, जिसने पाकिस्तानी सेना के इन्फ्रास्ट्रक्चर को भारी क्षति पहुँचाई है।


फिलहाल LOC पर तनाव बरकरार है, लेकिन भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियाँ पूरी तरह से मुस्तैद हैं। सेना के उच्चाधिकारियों का कहना है कि देश की संप्रभुता से कोई समझौता नहीं होगा और हर चुनौती का जवाब पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली ढंग से दिया जाएगा।