वाराणसी। इन्वेस्टमेंट के जरिए मोटे मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक इंटरस्टेट साइबर ठग गैंग के सरगना को वाराणसी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस को भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज, नकदी और एक लग्जरी कार भी मिली है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सीतापुर निवासी रोमिल वर्मा के रूप में हुई है, जो एक प्री प्लांड साइबर फ्रॉड नेटवर्क का संचालन कर रहा था।

पूरा मामला वाराणसी के सिगरा क्षेत्र की रहने वाली अंशिता जैन से जुड़ा है, जिन्होंने 24 अप्रैल 2025 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी थी कि उनसे इन्वेस्टमेंट में भारी लाभ दिलाने के नाम पर 1.93 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। इस पर थाना साइबर क्राइम में एफआईआर संख्या 15/2025 दर्ज की गई, जिसमें BNS की धारा 318(2), 318(4), 61(2), 317(2) व आईटी एक्ट की धारा 66D के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की जांच साइबर थाना प्रभारी विजय नारायण मिश्र को सौंपी गई।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और एडीसीपी क्राइम सरवणन टी के निर्देश पर इस मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम में एडीसीपी श्रुति श्रीवास्तव व एसीपी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में कई वरिष्ठ पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। जांच के दौरान लखनऊ के विभिन्न इलाकों में सघन तकनीकी और मैन्युअल निगरानी की गई। आखिरकार, पुलिस टीम ने लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र से रोमिल वर्मा को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चार महंगे मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, तीन डेबिट कार्ड, एक पासबुक, नकद 5.01 लाख रुपये और एक KIA Sonet कार बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद मोबाइल और बैंक दस्तावेज उसी साइबर ठगी में प्रयुक्त हुए थे, जिससे अंशिता जैन को करोड़ों का नुकसान हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपी का गिरोह लोगों को गेमिंग ऐप्स या निवेश योजनाओं में मोटा रिटर्न देने का लालच देता था। वे लोगों के बैंक खाते अपने कब्जे में लेकर म्यूल अकाउंट के रूप में उपयोग करते थे। बाद में इन खातों का इस्तेमाल विदेशी साइबर अपराधियों के साथ मिलकर फ्रॉड की रकम ट्रांसफर करने में किया जाता था। यह राशि अन्य खातों में भेजकर एटीएम या बैंक शाखाओं से कैश निकाला जाता था।

रोमिल वर्मा का यह कोई पहला अपराध नहीं है। उसके खिलाफ पहले भी साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और विदेशी लिंक की भी जांच कर रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय नारायण मिश्र सहित निरीक्षक राजकिशोर पाण्डेय, विपिन कुमार, उपनिरीक्षक संजीव कनौजिया, सतीश सिंह, एसएसआई श्यामलाल गुप्ता और हेड कांस्टेबल व महिला आरक्षियों सहित कुल 27 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल थी।
Comments (0)